लखनऊ, 21 नवंबर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को लखनऊ के गोमतीनगर स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित पांचवें राष्ट्रीय कौशल दीक्षांत समारोह में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने देशभर के 52 नेशनल टॉपर्स को सम्मानित किया।8
कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न प्रशिक्षण संस्थानों से चार हजार से अधिक प्रशिक्षार्थियों ने हिस्सा लिया। खास बात यह रही कि पहली बार राष्ट्रीय कौशल दीक्षांत समारोह का आयोजन दिल्ली से बाहर किया गया।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, रक्षा मंत्री एवं लखनऊ के सांसद राजनाथ सिंह और केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी मौजूद रहे। प्रधानमंत्री के कार्यक्रम स्थल पहुंचने पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनका स्वागत किया।
2015 में शुरू हुआ था स्किल इंडिया अभियान
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2015 में विश्व युवा कौशल दिवस के अवसर पर दिल्ली के विज्ञान भवन से स्किल इंडिया महाअभियान की शुरुआत की थी। इस पहल के जरिए देश की सबसे बड़ी युवा कार्यशक्ति को अपनी प्रतिभा पहचानने और उसे निखारने का अवसर मिला।
उन्होंने कहा कि कौशल विकास अभियान ने युवाओं के भीतर निराशा दूर करने और उनकी क्षमताओं को आगे बढ़ाने का काम किया है। इससे युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिल रहे हैं और वे आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।
नई चीजें सीखने और खुद को अपडेट करने की जरूरत: राजनाथ सिंह
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार रक्षा उत्पादन के क्षेत्र में स्वदेशीकरण को बढ़ावा दे रही है। भारत को रक्षा उपकरणों और सैन्य तकनीक के निर्माण में आत्मनिर्भर बनाने के लिए कुशल कामगारों की जरूरत है। कौशल विकास से जुड़ी योजनाएं इस दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
उन्होंने कहा कि 21वीं सदी में केवल पढ़ना-लिखना जानना ही पर्याप्त नहीं है। बदलते समय के साथ नई चीजें सीखने, पुरानी बातों को छोड़ने और खुद को लगातार अपडेट करने की क्षमता भी जरूरी है।
तकनीक, उद्योग और रोजगार के स्वरूप में तेजी से बदलाव हो रहा है। ऐसे में युवाओं को अपने कौशल को लगातार विकसित करना होगा।
जयंत चौधरी ने की सीएम योगी की सराहना
केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सराहना करते हुए कहा कि कठिन समय में भी उनका कार्यक्रम में पहुंचना समर्पण और कर्तव्यबोध को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का प्रयास है कि हर हाथ को काम मिले और हर काम को सम्मान मिले।
जयंत चौधरी ने कहा कि इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए सरकार, उद्योग और शिक्षण संस्थानों को मिलकर काम करना होगा। उन्होंने युवाओं से जीवनभर अपने हुनर को निखारने और नए कौशल सीखने का आह्वान किया।
