रिपोर्ट: ज्ञानेंद्र तिवारी
लखीमपुर खीरी, 21 नवंबर। आमजन की समस्याओं के त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए शनिवार को तहसील धौरहरा में संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित किया गया।
डीएम अंजनी कुमार सिंह, सीडीओ योगानंद पाण्डेय और सीएमओ डॉ. संतोष गुप्ता ने फरियादियों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का निष्पक्ष जांच के बाद समयबद्ध तरीके से निस्तारण करने के निर्देश दिए।

डीएम ने अधिकारियों से कहा कि जनसमस्याओं के निस्तारण में पूरी संवेदनशीलता बरती जाए।
गरीब, पीड़ित, जरूरतमंद और असहाय लोगों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर हल करते हुए पात्र लोगों को शासन की योजनाओं का लाभ दिलाया जाए। उन्होंने कहा कि शिकायतकर्ताओं से अधिकारी स्वयं बात करें और उनकी समस्या को समझते हुए संतुष्टिपरक समाधान सुनिश्चित करें।
संपूर्ण समाधान दिवस में कुल 77 शिकायती प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से तीन शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया। प्राप्त शिकायतों में राजस्व विभाग की 36, पुलिस की 30, विकास विभाग की सात, समाज कल्याण की एक और अन्य विभागों से संबंधित तीन शिकायतें शामिल रहीं। सभी प्रार्थना पत्र संबंधित अधिकारियों को शीघ्र निस्तारण के लिए उपलब्ध करा दिए गए।
इस दौरान एसडीएम युगांतर त्रिपाठी, डीडीओ गजेंद्र प्रताप सिंह, तहसीलदार विशाल शाह समेत विभिन्न विभागों के जनपदीय अधिकारी मौजूद रहे।

