Homeक्राइमभागलपुर कलेक्ट्रेट को बम से उड़ाने की धमकी, डीएम के आधिकारिक मेल...

भागलपुर कलेक्ट्रेट को बम से उड़ाने की धमकी, डीएम के आधिकारिक मेल पर आया आरडीएक्स लगाने का दावा

भागलपुर: क्या प्रशासन को खुली चुनौती दी जा रही है या फिर यह महज दहशत फैलाने की साजिश है? बिहार के भागलपुर में उस समय हड़कंप मच गया जब जिलाधिकारी (डीएम) के आधिकारिक ईमेल पर धमकी भरा संदेश मिला। मेल में दावा किया गया कि डीएम के चेंबर के पास 5 आरडीएक्स लगाए गए हैं और रिमोट कंट्रोल के साथ लोग मौके पर मौजूद हैं।

तमिल टाइगर्स और ISI से जुड़ाव का दावा

धमकी देने वाले ने खुद को लिबरेशन टाइगर्स ऑफ तमिल ईलम (तमिल टाइगर्स) और पाकिस्तान की इंटर-सर्विसेज इंटेलिजेंस (आईएसआई) से जुड़ा बताया। मेल में तमिलनाडु से जुड़ी विवादित मांगों का भी जिक्र किया गया, जिसमें अभिनेता एस. वी. शेखर स्ट्रीट का नाम बदलकर पेरियार अंबेडकर स्ट्रीट करने और ईडब्ल्यूएस आरक्षण को तमिलनाडु में रोकने की मांग शामिल थी।

कलेक्ट्रेट खाली, घंटों चला सर्च ऑपरेशन

धमकी मिलते ही प्रशासन ने कलेक्ट्रेट परिसर को तत्काल खाली करा लिया। बम निरोधक दस्ते और सुरक्षा एजेंसियों ने कई घंटों तक सघन तलाशी अभियान चलाया, लेकिन कोई विस्फोटक बरामद नहीं हुआ। एहतियातन पूरे दिन कलेक्ट्रेट में कामकाज ठप रहा और आम लोगों की एंट्री पर रोक लगा दी गई।

पहले भी मिल चुकी हैं धमकियां

गौरतलब है कि 28 जनवरी और 9 फरवरी को सिविल कोर्ट को उड़ाने की धमकी दी गई थी। अब 17 फरवरी को कलेक्ट्रेट को निशाना बनाए जाने से सुरक्षा एजेंसियां और सतर्क हो गई हैं।

साइबर सेल जांच में जुटी

पुलिस की साइबर टीम मेल की तकनीकी जांच कर रही है, लेकिन अब तक कोई ठोस सुराग नहीं मिला है। एसपी सिटी के अनुसार, मेल भेजने वालों की पहचान करने की कोशिश जारी है और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जा रहा है।

लगातार मिल रही इन धमकियों ने सुरक्षा, साइबर मॉनिटरिंग और खुफिया तंत्र की प्रभावशीलता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब बड़ा सवाल यह है कि इन ईमेल धमकियों के पीछे कौन है और क्या यह किसी बड़े षड्यंत्र की आहट है या सिर्फ अफवाह के जरिए दहशत फैलाने की कोशिश?

RELATED ARTICLES

Most Popular