Homeउत्तर प्रदेशमथुरा में यमुना एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा, बस से उतरे यात्रियों को...

मथुरा में यमुना एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा, बस से उतरे यात्रियों को कंटेनर ने कुचला, 6 की मौत

मथुरा: उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में यमुना एक्सप्रेसवे पर देर रात एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार कंटेनर ने सड़क किनारे खड़े बस यात्रियों को टक्कर मार दी, जिससे छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक यात्री गंभीर रूप से घायल हो गया।

स्लीपर बस से उतरकर खड़े थे यात्री

यह हादसा सुरीर थाना क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेसवे के माइलस्टोन 88 के पास हुआ। जानकारी के अनुसार, एक स्लीपर बस नोएडा से फर्रुखाबाद जा रही थी। रास्ते में कुछ यात्री लघु शंका के लिए बस से नीचे उतर गए। इसी दौरान कुछ अन्य यात्री भी बस से उतरकर सड़क किनारे खड़े हो गए।

अनियंत्रित कंटेनर ने मचाई तबाही

इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रहा एक कंटेनर अनियंत्रित हो गया और सड़क पर खड़े यात्रियों को रौंदता चला गया। यात्रियों को संभलने या खुद को बचाने का मौका तक नहीं मिला। हादसे में छह यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक यात्री गंभीर रूप से घायल हो गया।

मौके पर मची अफरा-तफरी

हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोग मदद के लिए दौड़ पड़े और कुछ ही देर में मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायल यात्री को तुरंत जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।

मृतकों की पहचान

इस दर्दनाक हादसे में सोनू (42 वर्ष), देवेश, असलम (27 वर्ष), संतोष (45 वर्ष) सहित दो अन्य लोगों की मौत हुई है।वहीं औरैया निवासी शिवकांत दुबे (45 वर्ष) गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।

पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए शव

पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी गई है। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शवों को उनके परिजनों को सौंपा जाएगा। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की कानूनी जांच में जुटी हुई है।

RELATED ARTICLES

Most Popular