आगरा: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव रविवार को आगरा दौरे पर रहे, जहां उन्होंने शाहदरा क्षेत्र में एक निजी अस्पताल का उद्घाटन किया। कार्यक्रम के बाद आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा और कई मुद्दों पर खुलकर अपनी बात रखी।
‘भाजपा कर रही सनातन का अपमान’
शंकराचार्य से जुड़े हालिया विवाद पर प्रतिक्रिया देते हुए शिवपाल यादव ने कहा कि भाजपा सनातन धर्म का सम्मान करने के बजाय उसका अपमान कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि धर्म के नाम पर राजनीति की जा रही है, जो देश और समाज के लिए ठीक नहीं है।
वाह को जिला बनाने का वादा
शिवपाल यादव ने विकास के मुद्दे पर बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि अगर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनती है तो पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के पैतृक क्षेत्र ‘वाह’ को जिला बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए यह जरूरी कदम होगा।
गौशालाओं की बदहाली पर सरकार घिरी
प्रदेश की गौशालाओं की स्थिति पर भी उन्होंने सरकार को घेरा। शिवपाल यादव ने कहा कि वर्तमान में गौशालाओं में अव्यवस्था और बदहाली है, जिसे उनकी सरकार आने पर सुधारा जाएगा और बेहतर गौसेवा सुनिश्चित की जाएगी।
मीडिया से नोकझोंक, ‘एजेंडा’ का आरोप
प्रेस वार्ता के दौरान फिल्म ‘धुरंधर’ और अतीक अहमद के कथित पाकिस्तान कनेक्शन को लेकर पूछे गए सवाल पर शिवपाल यादव भड़क गए। उन्होंने मीडिया पर पलटवार करते हुए कहा कि “भाजपा ने एजेंडा सेट कर आप लोगों को भेजा है।” इस दौरान उन्होंने कुछ पत्रकारों को भाजपा का एजेंट तक कह दिया।
लगातार तीखे सवालों के बीच माहौल तनावपूर्ण हो गया और शिवपाल यादव प्रेस वार्ता बीच में ही छोड़कर उठकर चले गए।
आगरा दौरे के दौरान शिवपाल यादव के बयान और मीडिया के साथ हुई तीखी बहस ने इस कार्यक्रम को राजनीतिक तौर पर चर्चा का विषय बना दिया है।
