Homeउत्तर प्रदेशआगरा के अवधपुरी में घर में लगी भीषण आग, तीन लोग अंदर...

आगरा के अवधपुरी में घर में लगी भीषण आग, तीन लोग अंदर फंसे; पुलिस ने सुरक्षित निकाला

रिपोर्ट: ममता भारद्वाज

आगरा। थाना जगदीशपुरा क्षेत्र के अवधपुरी स्थित पुष्पांजलि फेस-3 में एक घर में अचानक भीषण आग लग गई। आग लगने के समय घर के अंदर तीन लोग फंसे हुए थे। सूचना मिलने पर अवधपुरी चौकी के उपनिरीक्षक नागेंद्र सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।

ताला खोलकर तीन लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला

पुलिस के अनुसार, आग की सूचना मिलते ही उपनिरीक्षक नागेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे। घर में ताला लगा होने के कारण पुलिसकर्मियों ने ताला खुलवाकर अंदर फंसे तीनों लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। समय रहते रेस्क्यू किए जाने से बड़ा हादसा टल गया।

चार्जिंग पर लगी इलेक्ट्रिक स्कूटी में ब्लास्ट की आशंका

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, घर में चार्जिंग पर लगी इलेक्ट्रिक स्कूटी में ब्लास्ट होने के बाद आग लगने की आशंका जताई जा रही है। आग की लपटें तेज होने पर उपनिरीक्षक ने पहले बिजली की लाइन कटवाई। इसके बाद जल रही स्कूटी को घर से बाहर निकाला गया, ताकि आग को और फैलने से रोका जा सके।

पुलिसकर्मियों ने बाल्टियों से पानी डालकर बुझाई आग

आग पर काबू पाने के लिए पुलिसकर्मियों ने मौके पर उपलब्ध साधनों से प्रयास शुरू किए। पुलिसकर्मियों ने बाल्टियों से पानी डालकर आग बुझाई। समय रहते आग पर काबू पा लिए जाने से आसपास के घरों तक आग फैलने से बच गई।

फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारण और इससे हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है। प्रारंभिक तौर पर इलेक्ट्रिक स्कूटी की चार्जिंग के दौरान हुए ब्लास्ट को आग की वजह माना जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

RELATED ARTICLES

Most Popular