रिपोर्ट: ममता भारद्वाज
आगरा। फिल्म ‘बंटवारा’ के खिलाफ आगरा में योगी यूथ ब्रिगेड के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। राजपुर चुंगी स्थित पन्ना सिनेमा पर संगठन के प्रदेश अध्यक्ष कुंवर अजय तोमर के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने फिल्म के पोस्टर और कलाकारों के फोटो जलाकर अपना विरोध जताया।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने ‘आमिर खान मुर्दाबाद’, ‘सनी देओल मुर्दाबाद’ और ‘बंटवारा मूवी बैन करो’ जैसे नारे लगाए। प्रदर्शन स्थल पर ‘जय श्री राम’, ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम’ के नारे भी लगाए गए।
पोस्टर जलाकर जताया विरोध
प्रदर्शनकारियों ने फिल्म के पोस्टर के साथ आमिर खान और सनी देओल के फोटो में आग लगाई और बाद में उन्हें पैरों से कुचला। कार्यकर्ताओं ने फिल्म की कहानी और कथित प्रस्तुति को लेकर नाराजगी जताई।
योगी यूथ ब्रिगेड के प्रदेश अध्यक्ष कुंवर अजय तोमर ने कहा कि फिल्म के माध्यम से हिंदुओं को कथित तौर पर गलत और मुसलमानों को बेहतर दिखाने का प्रयास किया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि फिल्म में हिंदुओं को दंगाई और मुसलमानों को भाईचारे व शांति का पक्षधर दिखाया गया है।
उन्होंने विभाजन के दौरान हुई हिंसा का जिक्र करते हुए कहा कि उस दौर में हिंदुओं और सिखों को भारी हिंसा का सामना करना पड़ा था। उन्होंने आरोप लगाया कि फिल्म के माध्यम से उन घटनाओं के लिए जिम्मेदार लोगों को बेहतर तरीके से प्रस्तुत करने का प्रयास किया जा रहा है, जिसे उनका संगठन स्वीकार नहीं करेगा।
सनी देओल को दी नसीहत
कुंवर अजय तोमर ने अभिनेता सनी देओल का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने पूर्व में बॉर्डर, मां तुझे सलाम, जाल: द ट्रैप, इंडियन और गदर जैसी फिल्मों के जरिए देशभक्ति से जुड़ी पहचान बनाई है। उन्होंने सनी देओल को आमिर खान से दूर रहने की नसीहत भी दी।
प्रदर्शनकारियों ने फिल्म के निर्माताओं से फिल्म की सामग्री पर पुनर्विचार करने और फिल्म को रिलीज न करने की मांग की।
विवादित बयानों को लेकर पुलिस-प्रशासन की नजर
प्रदर्शन के दौरान संगठन के पदाधिकारियों ने कई आरोप लगाए। हालांकि, प्रदर्शनकारियों द्वारा फिल्म और कलाकारों को लेकर लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। फिल्म के निर्माताओं और संबंधित कलाकारों की ओर से इन आरोपों पर प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
प्रदर्शन के दौरान दिए गए बयानों में कुंवर अजय तोमर ने फिल्म को लेकर कई गंभीर आरोप भी लगाए और कहा कि उनका संगठन इसे स्वीकार नहीं करेगा। प्रदर्शन के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस की मौजूदगी भी रही।
