रिपोर्ट – अमित शर्मा
आगरा। उत्तर प्रदेश विधान परिषद की आगरा खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन सीटों पर 23 अक्टूबर को होने वाले मतदान को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में आगरा के संजय प्लेस स्थित होटल पीएल पैलेस में बीजेपी की ओर से प्रेसवार्ता आयोजित की गई। महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता के नेतृत्व में हुई इस प्रेसवार्ता में पार्टी नेताओं ने मतदाताओं से बीजेपी समर्थित प्रत्याशियों के पक्ष में मतदान करने की अपील की।
प्रेसवार्ता के दौरान स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के मतदाताओं से डॉ. मानवेन्द्र प्रताप सिंह को विजयी बनाने की अपील की गई। वहीं, शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के मतदाताओं से इंजीनियर हरि किशोर तिवारी के पक्ष में मतदान करने का आग्रह किया गया। पार्टी नेताओं ने कहा कि मतदाता लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाते हुए अपने मताधिकार का इस्तेमाल करें।
सुबह 8 से शाम 4 बजे तक होगा मतदान
बीजेपी नेताओं ने बताया कि 23 अक्टूबर को सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान कराया जाएगा। प्रेसवार्ता में मतदाताओं को मतदान प्रक्रिया से जुड़ी जरूरी जानकारी भी दी गई। नेताओं ने विशेष रूप से कहा कि मतदान के लिए चुनाव आयोग की ओर से उपलब्ध कराए गए पेन का ही इस्तेमाल करें। मतदाता अपने साथ पेन, पेंसिल या मार्कर लेकर मतदान केंद्र पर न जाएं।
इसके अलावा मतदाता सूची में अपना नाम खोजने के लिए VSAMPARK ऐप के इस्तेमाल की जानकारी भी दी गई, ताकि मतदाता मतदान से पहले अपनी जानकारी की पुष्टि कर सकें।
अधिक से अधिक मतदान करने की अपील
बीजेपी नेताओं ने मतदाताओं से चुनाव आयोग के नियमों का पालन करने और अधिक से अधिक संख्या में मतदान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि मतदान लोकतंत्र का महत्वपूर्ण हिस्सा है और प्रत्येक पात्र मतदाता को अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए।
प्रेसवार्ता में केंद्रीय राज्य मंत्री एसपी सिंह बघेल, विधायक डॉ. धर्मपाल सिंह और विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल मौजूद रहे। इस दौरान नेताओं ने चुनाव से संबंधित जानकारी साझा की और मतदाताओं से पार्टी समर्थित प्रत्याशियों के पक्ष में मतदान करने का आग्रह किया।
