रिपोर्ट: ममता भारद्वाज, आगरा
आगरा में एक बार फिर मौसम का कहर देखने को मिला है। फतेहपुर सीकरी क्षेत्र के गांव मई में अचानक आई तेज आंधी और मूसलाधार बारिश ने भारी तबाही मचा दी। खराब मौसम के चलते दो कच्चे मकान अचानक भरभराकर गिर गए, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मकान गिरने के समय अंदर कई लोग मौजूद थे। हादसे के बाद मलबे में लोगों के दबने की खबर से गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। बताया जा रहा है कि एक मकान में एक व्यक्ति के दबे होने की सूचना थी, जबकि दूसरे मकान में एक बच्ची समेत चार लोगों के मलबे में फंसे होने की आशंका जताई गई।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। राहत और बचाव कार्य तुरंत शुरू किया गया। ग्रामीणों ने भी प्रशासन का साथ देते हुए मलबा हटाने में मदद की। काफी मशक्कत के बाद मलबे में दबे सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया और तुरंत इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां उनका उपचार जारी है।
तेज आंधी और बारिश के कारण क्षेत्र में कई अन्य कच्चे मकानों को भी नुकसान पहुंचा है। साथ ही कई पेड़ उखड़ गए और बिजली आपूर्ति भी प्रभावित हुई है। अचानक बदले मौसम ने पूरे इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि तेज हवाओं की वजह से कच्चे मकान ज्यादा देर तक टिक नहीं पाए और देखते ही देखते ढह गए। वहीं, प्रशासन ने हालात पर नजर बनाए रखते हुए प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता देने का आश्वासन दिया है।
प्रशासन ने आसपास के ग्रामीणों को सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है। साथ ही मौसम विभाग की चेतावनियों पर ध्यान देने की अपील भी की गई है।
