आगरा | ममता भारद्वाज
आगरा जनपद को नया जिलाधिकारी मिल गया है। मनीष बंसल ने आज कलक्ट्रेट पहुंचकर विधिवत रूप से डीएम का कार्यभार ग्रहण कर लिया। उनके पदभार संभालते ही प्रशासनिक महकमे में हलचल तेज हो गई है और अधिकारियों के बीच नई कार्यशैली को लेकर चर्चा शुरू हो गई है।
नवागत डीएम मनीष बंसल शैक्षणिक और प्रशासनिक दोनों ही क्षेत्रों में मजबूत पृष्ठभूमि रखते हैं। उन्होंने IIT दिल्ली से एमटेक की पढ़ाई की है और सिविल सेवा परीक्षा में 53वीं रैंक हासिल कर IAS बने।
आगरा से खास जुड़ाव
मनीष बंसल का आगरा से निजी जुड़ाव भी है। उनकी ससुराल इसी शहर में है, जिससे स्थानीय स्तर पर उनकी समझ और जुड़ाव को और मजबूत माना जा रहा है। उनकी पत्नी मेधा रूपम वर्तमान में नोएडा की डीएम हैं और दोनों बैचमेट भी हैं।
इसके अलावा, वह ज्ञानेश कुमार के दामाद भी हैं, जिससे उनका प्रशासनिक नेटवर्क और अनुभव और व्यापक माना जा रहा है।
संभल में किया उल्लेखनीय काम
मनीष बंसल ने अपने पिछले कार्यकाल में संभल जिले में 110 किलोमीटर लंबी सूखी सोत नदी के पुनर्जीवन का ऐतिहासिक कार्य किया था। इस पहल से न केवल पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिला, बल्कि हजारों किसानों को सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध हुआ और उनकी आजीविका में सुधार हुआ।

शानदार प्रशासनिक अनुभव
उन्होंने लखनऊ में मुख्य विकास अधिकारी (CDO), मेरठ में नगर आयुक्त और सहारनपुर में जिलाधिकारी के रूप में कार्य करते हुए प्रशासनिक दक्षता का परिचय दिया है। विभिन्न जिलों में उनके काम को सराहा गया है।

आगरा में बड़ी चुनौतियां
अब आगरा में उनके सामने कानून-व्यवस्था को मजबूत करना, ट्रैफिक व्यवस्था को सुधारना और पर्यटन को नई दिशा देना प्रमुख चुनौतियां होंगी। खासतौर पर ताज नगरी में पर्यटकों की सुविधा, सुरक्षा और शहर के इंफ्रास्ट्रक्चर को बेहतर बनाने पर उनका फोकस रहेगा। स्थानीय प्रशासन और जनता को उनसे उम्मीद है कि उनके अनुभव और कार्यशैली से आगरा में विकास कार्यों को नई गति मिलेगी।
