आगरा में शहीद राहुल राणा के घर भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के नेता राकेश टिकैत पहुंचे। इस दौरान उन्होंने शहीद के सम्मान में उनके नाम पर सड़क और लाइब्रेरी बनाए जाने की मांग उठाई।
मीडिया से बातचीत में टिकैत ने भारतीय जनता पार्टी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने बंगाल चुनाव को लेकर कहा कि बीजेपी जनता का ध्यान असली मुद्दों से भटका रही है।
मछली-भात के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि “हिंदू होकर भी बीजेपी के कई नेता मीट खाते हैं”, और आरोप लगाया कि पार्टी दूसरों के मुद्दे और पहचान तक “चोरी” कर रही है।
टिकैत ने कहा कि बीजेपी नेताओं का देश के लिए कोई ठोस योगदान नहीं है और हिंदू-मुस्लिम की राजनीति के जरिए जनता को गुमराह किया जाता है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि “भाजपा नेता व्यापारी बनकर राजनीति कर रहे हैं” और इसी ध्रुवीकरण से सरकार बनती है।
इसके अलावा, उन्होंने आम आदमी पार्टी के सांसदों को डराकर तोड़ने का आरोप लगाया। टिकैत ने कहा कि देश में “कैमरा और कलम पर बंदूक का पहरा” है और संस्थाओं का दुरुपयोग किया जा रहा है।
महिला आरक्षण के मुद्दे पर भी उन्होंने कहा कि बीजेपी वास्तव में इसे लागू नहीं करना चाहती, इसलिए चुनाव के समय इस मुद्दे को उठाया गया है।
