Homeउत्तर प्रदेशआगरा : 12 अगस्त को सपा व्यापार सभा का मंडलीय सम्मेलन,...

आगरा : 12 अगस्त को सपा व्यापार सभा का मंडलीय सम्मेलन, व्यापारियों की समस्याओं पर होगी चर्चा

रिपोर्ट:- ममता भारद्वाज, आगरा

आगरा। समाजवादी पार्टी व्यापार सभा की ओर से 12 अगस्त को आगरा में व्यापारी मंडलीय सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। विजय नगर, रिंग रोड स्थित नवरंग भवन में होने वाले सम्मेलन में आगरा मंडल के उद्योगों और व्यापारियों से जुड़ी समस्याओं, व्यापार को बढ़ावा देने, सरकारी उत्पीड़न पर रोक लगाने और व्यापारी समाज को संगठन से जोड़ने जैसे मुद्दों पर चर्चा होगी।

फतेहाबाद रोड स्थित सपा जिला कार्यालय में सम्मेलन के आमंत्रण पत्र के विमोचन के दौरान सपा व्यापार सभा के प्रदेश सचिव एवं मंडल प्रभारी मनोज गुप्ता ने कार्यक्रम की जानकारी दी। उन्होंने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि पिछले साढ़े नौ वर्षों में उत्तर प्रदेश में उद्योग-धंधों की स्थिति कमजोर हुई है।

उनके मुताबिक, नई औद्योगिक इकाइयों की स्थापना की गति प्रभावित हुई है और कई व्यापारिक इकाइयों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हुआ है।

मनोज गुप्ता ने कहा कि व्यापारियों के लिए सुरक्षित और अनुकूल माहौल जरूरी है। आगरा के उद्योग और व्यापार को मजबूत किए बिना प्रदेश की अर्थव्यवस्था को गति देना मुश्किल होगा। सम्मेलन में व्यापारियों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाने के साथ संगठन को मजबूत करने की रणनीति पर भी चर्चा की जाएगी।

सपा व्यापार सभा के प्रदेश सचिव और कार्यक्रम संयोजक राकेश अग्रवाल ने कहा कि छोटे और मध्यम वर्ग के व्यापारियों को सबसे अधिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि महंगाई, विभिन्न विभागों की कार्रवाई, नोटिस और चालान के चलते व्यापारियों की मुश्किलें बढ़ी हैं।  उनका कहा है की  समाजवादी व्यापार सभा व्यापारी हितों की आवाज लगातार उठाती रही है और इसी उद्देश्य से प्रदेश के विभिन्न मंडलों में सम्मेलन आयोजित किए जा रहे हैं।

उन्होंने बताया कि आगरा मंडल के सम्मेलन के माध्यम से व्यापारियों की समस्याओं को एक मंच पर लाने और उनके अधिकारों की आवाज को मजबूत करने का प्रयास किया जाएगा। साथ ही अधिक से अधिक व्यापारियों को समाजवादी व्यापार सभा से जोड़ने के लिए पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को दिशा-निर्देश दिए जाएंगे।

सम्मेलन में समाजवादी व्यापार सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष मनीष जगन अग्रवाल और प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप जायसवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

कार्यक्रम में व्यापार सभा के जिला अध्यक्ष संजीव पोरवाल, सपा महानगर अध्यक्ष सोमेश गुप्ता, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य राजेश गुप्ता, वरिष्ठ नेता श्याम भोजवानी, हरि सिंह पंडित, विनीत यादव, विजेंद्र यादव, राम चरण पोरवाल, राजकुमार यादव, इलियास सिद्दीकी, मनीष भारद्वाज समेत कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES

Most Popular