रिपोर्ट: ममता भारद्वाज, आगरा
आगरा। थाना सिकंदरा क्षेत्र में दिनदहाड़े एक युवती पर चाकू से जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि पड़ोस में रहने वाला ओंकार लंबे समय से युवती पर दोस्ती का दबाव बना रहा था। युवती के इनकार करने पर आरोपी ने वारदात को अंजाम दिया।
बताया जा रहा है कि युवती स्कूटी से अपने ऑफिस जा रही थी। इसी दौरान शास्त्रीपुरम चौराहे के पास ओंकार अपने एक साथी के साथ बाइक से पहुंचा और युवती की स्कूटी रोककर उसकी चाबी निकाल ली। युवती ने इसका विरोध किया तो आरोपी ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।
आरोप है कि इसके बाद ओंकार ने चाकू निकालकर युवती के गले, हाथ और पेट पर वार कर दिए। आरोपी युवती का मोबाइल और अन्य सामान लेकर अपने साथी के साथ मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवती को संजय प्लेस स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। आरोपियों की तलाश के लिए कई टीमें लगाई गई हैं।
