रिपोर्ट : -ममता भारद्वाज
आगरा। शहर के व्यस्त कारोबारी क्षेत्र संजय प्लेस में स्थित स्काई टावर की पहली मंजिल पर शुक्रवार को भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग उस समय लगी जब पहली मंजिल पर बने कंप्यूटर और लैपटॉप के गोदाम में अचानक धुआं उठता देखा गया, जिसके बाद देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया।
बताया जा रहा है कि गोदाम में बड़ी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक सामान रखा हुआ था, जिससे आग तेजी से फैल गई। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। इस दौरान आसपास के इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
आग लगने से गोदाम में रखा भारी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक सामान जलकर राख हो गया। शुरुआती अनुमान के अनुसार इस हादसे में करीब 80 लाख रुपये का नुकसान बताया जा रहा है।
यह घटना थाना हरी पर्वत क्षेत्र के संजय प्लेस की है। फिलहाल किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है और प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटा हुआ है।
