Homeउत्तर प्रदेशयोगी सरकार की त्वरित कार्रवाई से इज़राइल में फंसे युवक की सकुशल...

योगी सरकार की त्वरित कार्रवाई से इज़राइल में फंसे युवक की सकुशल वापसी

युद्धग्रस्त इज़राइल में फंसे अम्बेडकर नगर के अकबरपुर निवासी अखिलेश कुमार को योगी सरकार की तत्परता और प्रभावी प्रशासनिक प्रयासों के चलते सकुशल भारत वापस लाया गया। मुख्यमंत्री Yogi Adityanath के निर्देश और जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की पहल पर यह रेस्क्यू ऑपरेशन सफलतापूर्वक पूरा हुआ

अखिलेश कुमार रोजगार के सिलसिले में इज़राइल गए थे, लेकिन वहां उत्पन्न युद्ध जैसी परिस्थितियों और नियोक्ता के असहयोग के कारण वे गंभीर मानसिक तनाव में आ गए। स्थिति इतनी बिगड़ गई कि वे स्वयं भारत लौटने में असमर्थ हो गए। इस बीच उनकी पत्नी किरण देवी ने 25 मार्च 2026 को आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में जिलाधिकारी से मिलकर अपने पति की सुरक्षित वापसी की गुहार लगाई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी ने तुरंत शासन को अवगत कराया। मुख्यमंत्री के निर्देश पर भारत सरकार के विदेश मंत्रालय ने इज़राइल और जॉर्डन में स्थित भारतीय दूतावासों के साथ समन्वय स्थापित किया। इज़राइल के हवाई अड्डों के बंद होने के कारण वैकल्पिक योजना के तहत अखिलेश को पहले सुरक्षित रूप से तेल अवीव स्थित भारतीय दूतावास लाया गया और फिर सड़क मार्ग से जॉर्डन सीमा तक पहुंचाया गया।

जॉर्डन प्रशासन और वहां स्थित भारतीय दूतावास के सहयोग से उन्हें राजधानी अम्मान पहुंचाया गया, जहां से उन्होंने 2 अप्रैल की रात रॉयल जॉर्डनियन फ्लाइट से मुंबई के लिए उड़ान भरी। 3 अप्रैल की सुबह वे सकुशल मुंबई पहुंचे, जहां आवश्यक औपचारिकताओं के बाद उन्हें एयर इंडिया की उड़ान से लखनऊ भेजा गया।

लखनऊ पहुंचने के बाद अखिलेश अपने परिजनों से मिले और फिर उन्हें सुरक्षित उनके गांव हजपुरा, तहसील जलालपुर, अम्बेडकर नगर पहुंचा दिया गया।

इस पूरे अभियान में भारत सरकार, विदेश मंत्रालय, भारतीय दूतावासों, जॉर्डन प्रशासन, एयरलाइंस और स्थानीय प्रशासन के बीच उत्कृष्ट समन्वय देखने को मिला।

गांव पहुंचने पर अखिलेश के परिवार में खुशी का माहौल है। अखिलेश और उनकी पत्नी ने मुख्यमंत्री और जिला प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार की तत्परता के कारण ही यह संभव हो सका।

यह घटना योगी सरकार की संवेदनशीलता, त्वरित निर्णय क्षमता और नागरिकों की सुरक्षा के प्रति प्रतिबद्धता का एक महत्वपूर्ण उदाहरण मानी जा रही है।

RELATED ARTICLES

Most Popular