सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बहुजन समाज पार्टी सुप्रीमो मायावती के उस टिप्पणी पर प्रतिक्रिया दी है जिसमें उन्होंने दावा किया था कि सपा चीफ ने उनका फोन उठाना बंद कर दिया था. लखनऊ स्थित सपा मुख्यालय पर एक प्रेस वार्ता के दौरान अखिलेश ने कहा कि जिस दिन बीएसपी से गठबंधन टूटा दोनो दल के लोग आजमगढ़ में सार्वजनिक मंच पर थे मैं भी था किसी को नहीं पता था कि गठबंधन टूट गया. मैंने खुद फोन कर पूछना चाहा था कि ऐसा क्यों किया.कभी कभी अपनी बात छुपाने के लिए कुछ बाते की जाती हैं.
बता दें साल 2019 के लोकसभा चुनाव में सपा और बसपा के बीच अलायंस हुआ था. एक बुकलेट में बसपा नेता मायावती ने दावा किया है कि अखिलेश यादव ने उनका फोन उठाना बंद कर दिया था. 2019 के चुनाव में सपा को 5 और बसपा को 10 सीटें मिलीं थीं.
उपचुनाव के संदर्भ में अखिलेश ने कहा कि पीडीए रणनीति पर यूपी में सभी 10 सीटें इंडिया गठबंधन जीतेगा. सवाल सीट का नहीं, सवाल जीत का है. यूपी में एनकाउंटर के संदर्भ में अखिलेश ने कहा कि इस सरकार में झूठे एनकाउंटर हो रहे हैं. मंगेश यादव मामले में पुलिस रात में उठा कर ले गई. झूठी कहानी बताई गई. जो बैग मिला, वो नया बैग था, उसमे कपड़े भी नए थे.
