समाजवादी पार्टी के नेता अखिलेश यादव ने कहा है कि बीजेपी अयोध्या की जनता की उम्मीदें पूरी नहीं कर पाई, इसलिए उसे (बीजेपी) को हार का सामना करना पड़ा.
अयोध्या फ़ैज़ाबाद लोकसभा सीट के अंतर्गत आता है. यहां से एसपी के अवधेश प्रसाद ने बीजेपी उम्मीदवार लल्लू सिंह को 48,104 वोट से हरा दिया.
अखिलेश यादव ने समाचार एजेंसी एएनआई से कहा, “सच्चाई तो ये है उत्तर प्रदेश में बीजेपी और भी सीटें हार सकती थी. आप जब अयोध्या का नाम ले रहे हैं तो मैं अयोध्या की जनता का धन्यवाद देता हूं.”
“अयोध्या की जनता का दुख दर्द आपने भी देखा था. उन्हें जो उम्मीद थी वो सरकार के कामकाज से पूरी नहीं हुई. लोगों को ज़मीन का सही मुआवजा नहीं मिला, लोगों के साथ अन्याय किया. मार्केट की कीमत के हिसाब से उनकी जमीन नहीं ली गई.”
अखिलेश यादव ने कहा, “दबाव बनाकर, झूठे मुक़दमे करके उनसे जमीन ले ली गई. व्यापारियों को दुख संकट पहुंचाया गया. आप किसी पुण्य काम के लिए लोगों के घर उजाड़ दिए. इसलिए लोगों ने बीजेपी के ख़िलाफ़ वोट किया.”
उत्तर प्रदेश की 80 लोकसभा सीटों में से 37 पर समाजवादी पार्टी जीत दर्ज करने में कामयाब रही है. बीजेपी को 33 सीटों पर जीत मिली है.पिछले लोकसभा चुनाव में बीजेपी ने यूपी से 62 सीटें जीती थी, जबकि एसपी को पांच सीटों पर जीत मिली थी.
