रिपोर्ट- प्रिया बाजपेयी शुक्ला
महाराष्ट्र के अमरावती जिला महिला अस्पताल के नियोनेटल इंटेंसिव केयर यूनिट (NICU) में सोमवार तड़के करीब 3:30 बजे अचानक आग लग गई। हादसे में तीन नवजातों की मौत हो गई। घटना के वक्त NICU में 39 बच्चे भर्ती थे।
तीसरी मंजिल पर लगी आग, मचा हड़कंप
आग अस्पताल की तीसरी मंजिल पर स्थित NICU के एक कंपार्टमेंट में लगी। आग लगते ही पूरे यूनिट में धुआं भर गया। डॉक्टरों, नर्सों और अस्पताल कर्मचारियों ने तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया और बच्चों को सुरक्षित बाहर निकालने की कोशिश की।

एक कंपार्टमेंट में भर्ती थे 9 नवजात
अमरावती के पुलिस कमिश्नर राकेश ओला के मुताबिक, जिस कंपार्टमेंट में आग लगी, वहां नौ नवजात भर्ती थे। इनमें से तीन की आग की चपेट में आने से मौत हो गई। बाकी छह बच्चों को इलाज के लिए दूसरी जगह शिफ्ट किया गया है।
वेंटिलेटर में धमाके के बाद आग की आशंका
पुलिस की शुरुआती जांच में NICU में लगे वेंटिलेटर में धमाके के बाद आग लगने की आशंका जताई गई है। हालांकि, आग लगने की असली वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है। पुलिस और अस्पताल प्रशासन मामले की जांच कर रहे है
मेडिकल उपकरण भी जलकर खाक
आग की वजह से NICU में रखे कई मेडिकल उपकरण और अन्य सामान जल गए। आग बुझने के बाद यूनिट में चारों तरफ धुएं और आग से नुकसान के निशान दिखाई दिए। घटना के बाद अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था की भी जांच की जा रही है।
दो दिन पहले छिंदवाड़ा में भी हुआ था हादसा
इससे दो दिन पहले मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिला अस्पताल के NICU में भी आग लगी थी। हादसे में तीन नवजात झुलस गए थे। इनमें से एक बच्चे की इलाज के दौरान मौत हो गई थी। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं के बाद अस्पतालों के NICU में फायर सेफ्टी इंतजामों पर सवाल उठ रहे हैं।
