Homeउत्तर प्रदेशअंबेडकरनगर: ज्वेलर से दिनदहाड़े लूट...

अंबेडकरनगर: ज्वेलर से दिनदहाड़े लूट…

उत्तर प्रदेश के अंबेडकरनगर जिले में दिनदहाड़े लूट की बड़ी वारदात सामने आई है। बसखारी थाना क्षेत्र के पटना मुबारकपुर के पास बाइक सवार दो बदमाशों ने सराफा कारोबारी से करीब 10 लाख रुपये के आभूषण लूट लिए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।

जानकारी के अनुसार, आलापुर थाना क्षेत्र के विमावल निवासी रोहित शर्मा की रामनगर बाजार में सराफा की दुकान है। शनिवार को वह बसखारी बाजार स्थित एक कारोबारी से हार, अंगूठी, नथनी समेत अन्य आभूषण खरीदकर बाइक से घर लौट रहे थे। आभूषणों से भरा बैग उन्होंने बाइक की डिक्की में रखा हुआ था।

इसी दौरान पटना मुबारकपुर के पास पीछे से काली बाइक पर सवार दो युवक पहुंचे और ओवरटेक कर उन्हें रोक लिया। पीछे बैठे बदमाश ने रोहित की कनपटी पर तमंचा सटा दिया और जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद बदमाश बाइक की चाबी छीनकर डिक्की से जेवरात भरा बैग निकालकर फरार हो गए।

घटना के बाद पीड़ित ने नजदीकी थाने पहुंचकर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची बसखारी और आलापुर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का मुआयना किया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने का काम शुरू किया गया है।

पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर स्वाट और सर्विलांस टीमों को भी जांच में लगाया गया है। वहीं, पुलिस इस घटना को संदिग्ध मानते हुए हर पहलू से जांच कर रही है।

फिलहाल पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।

RELATED ARTICLES

Most Popular