राहुल के आरक्षण के मुद्दे पर अमेरिका में दिए बयानों पर बसपा प्रमुख मायावती के बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी प्रतिक्रिया दी है. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने राहुल गांधी को ‘आरक्षण विरोधी और देश विरोधी’ बताया है.
अमित शाह ने एक्स पर लिखा, “देश विरोधी बातें करना और देश को तोड़ने वाली ताक़तों के साथ खड़े होना राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी की आदत सी बन गई है. चाहे जम्मू-कश्मीर में जेकेएनसी (जम्मू-कश्मीर नेशनल कॉन्फ़्रेंस) के देश विरोधी और आरक्षण विरोधी एजेंडे का समर्थन करना हो, या फिर विदेशी मंचों पर भारत विरोधी बातें करनी हो, राहुल गांधी ने देश की सुरक्षा और भावना को हमेशा आहत किया है.”
उन्होंने लिखा, “भाषा से भाषा, क्षेत्र से क्षेत्र और धर्म से धर्म में भेदभाव लाने की बात करना राहुल गांधी की विभाजनकारी सोच को दर्शाता है. राहुल गांधी ने देश से आरक्षण को समाप्त करने की बात कह कर कांग्रेस का आरक्षण विरोधी चेहरा एक बार फिर से देश के सामने लाने का काम किया है.”
अमित शाह ने लिखा, “मन में पड़े विचार और सोच किसी न किसी माध्यम से बाहर आ ही जाते हैं. मैं राहुल गांधी को बताना चाहता हूँ कि जब तक भाजपा है, आरक्षण को कोई छू भी नहीं सकता और देश की एकता के साथ कोई खिलवाड़ नहीं कर सकता.”
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी अभी अमेरिका के दौरे पर हैं. विदेश में उनके दिये बयानों पर बीजेपी हमलावर है.राहुल गांधी ने कहा है कि ‘जाति आधारित जनगणना को अब कोई नहीं रोक सकता.’
