नागोया एशियन गेम्स के 7वें दिन भारत ने महिला कबड्डी में गोल्ड मेडल जीत लिया। स्क्वॉश में अनाहत सिंह और अभय सिंह ने सिंगल्स फाइनल में पहुंचकर नया इतिहास रचा, जबकि पुरुष मैराथन में सवान बरवाल ने सिल्वर मेडल जीता।
जापान के नागोया में जारी एशियन गेम्स 2026 के सातवें दिन भारत के खाते में कई अहम पदक आए। भारतीय महिला कबड्डी टीम ने फाइनल में ईरान को 37-34 से हराकर गोल्ड मेडल अपने नाम किया। यह भारत का गेम्स में तीसरा गोल्ड है। इसके साथ ही भारतीय महिला कबड्डी टीम ने लगातार पांचवें एशियन गेम्स में पदक जीतने का सिलसिला जारी रखा।
भारत के पास पुरुष कबड्डी में भी गोल्ड जीतने का मौका है। पुरुष टीम का फाइनल ईरान के खिलाफ दोपहर 2:30 बजे खेला जाएगा।
महिला कबड्डी टीम ने रोमांचक मुकाबले में जीता गोल्ड
भारत और ईरान के बीच महिला कबड्डी का फाइनल बेहद कड़ा रहा। हाफ टाइम तक भारतीय टीम 22-16 से आगे थी। दूसरे हाफ में ईरान ने वापसी की कोशिश की, लेकिन भारतीय डिफेंस ने आखिरी पलों में बढ़त बनाए रखी।
मुकाबले के अंतिम मिनट में ईरान को अंक की जरूरत थी। भारतीय डिफेंस ने अयनाज को शानदार टैकल कर रोक दिया। इसके बाद भारत ने अपनी बढ़त कायम रखी और 37-34 से मुकाबला जीतकर गोल्ड मेडल हासिल किया।
स्क्वॉश में पहली बार दो भारतीय सिंगल्स फाइनल में
स्क्वॉश में भी भारत ने इतिहास रच दिया है। पहली बार एक ही एशियन गेम्स में भारत के दो खिलाड़ी सिंगल्स कैटेगरी के फाइनल में पहुंचे हैं।
18 वर्षीय अनाहत सिंह विमेंस सिंगल्स के फाइनल में पहुंचने वाली पहली भारतीय महिला बन गई हैं। सेमीफाइनल में उन्होंने जापान की वतनाबे को हराया। अनाहत मुकाबले में शुरुआती दो गेम गंवाने के बाद भी दबाव में नहीं आईं। तीसरे गेम में उन्होंने दो मैच पॉइंट बचाए और इसके बाद लगातार दो गेम जीतकर फाइनल में जगह बनाई।
वहीं, अभय सिंह ने पुरुष सिंगल्स के सेमीफाइनल में शानदार प्रदर्शन करते हुए मुकाबला 3-0 से जीता। उन्होंने गेम 11-3, 12-10, 11-6 से अपने नाम किए। अब फाइनल में उनका सामना पाकिस्तान के नूर जमान या मलेशिया के एइन योव एनजी से होगा।
पुरुष मैराथन में 44 साल बाद भारत को मेडल
एथलेटिक्स में सवान बरवाल ने पुरुष मैराथन में सिल्वर मेडल जीतकर भारत को बड़ी उपलब्धि दिलाई। उन्होंने 2 घंटे 11 मिनट 37 सेकंड का समय निकालते हुए नया नेशनल रिकॉर्ड बनाया।
इस इवेंट में भारत को करीब 44 साल बाद पदक मिला है। इससे पहले 1982 के दिल्ली एशियन गेम्स में भारत ने पुरुष मैराथन में ब्रॉन्ज मेडल जीता था।
सवान बरवाल ने अपने प्रदर्शन के दौरान आखिरी 7 किलोमीटर में तेजी दिखाई। जापान के इचिकाता यामाशिता ने 2 घंटे 10 मिनट 49 सेकंड के समय के साथ गोल्ड जीता।
शूटिंग में भारत को मिला 11वां मेडल
महिलाओं की 50 मीटर राइफल 3 पोजिशन टीम स्पर्धा में भारतीय टीम ने सिल्वर मेडल जीता। टीम में आशी चौकसे, तिलोत्तमा सेन और विदार्शा विनोद शामिल थीं।
चीन ने गोल्ड और कजाकिस्तान ने ब्रॉन्ज मेडल जीता। इस पदक के साथ एशियन गेम्स 2026 में शूटिंग से भारत के कुल पदकों की संख्या 11 हो गई है।
हालांकि, व्यक्तिगत स्पर्धा में तिलोत्तमा सेन और विदार्शा विनोद पदक से चूक गईं। तिलोत्तमा 337.3 अंक के साथ चौथे और विदार्शा 327.4 अंक के साथ चौथे स्थान पर रहीं।
बैडमिंटन में सिंधु और उन्नति की जीत
बैडमिंटन में पीवी सिंधु ने महिला सिंगल्स के प्री-क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई। उन्होंने राउंड-2 में चीनी ताइपे की चिउ पिन-चियान को सीधे गेम में 21-19, 21-14 से हराया।
वहीं उन्नति हुड्डा ने मलेशिया की वोंग लिंग चिंग को 21-14, 20-22, 21-19 से हराकर टॉप-16 में जगह बनाई।
हालांकि, पुरुष सिंगल्स में लक्ष्य सेन का अभियान समाप्त हो गया। उन्हें सिंगापुर के लोह कीन यू ने 12-21, 21-15, 21-14 से हराया।
जोशना चिनप्पा-सेंथिलकुमार को ब्रॉन्ज
मिक्स्ड डबल्स के सेमीफाइनल में भारत की जोशना चिनप्पा और वेलावन सेंथिलकुमार को हांगकांग की जोड़ी से 1-2 से हार मिली। मुकाबला बेहद करीबी रहा और निर्णायक गेम में भारतीय जोड़ी ने वापसी भी की, लेकिन अंत में हांगकांग की जोड़ी ने जीत दर्ज कर फाइनल में जगह बना ली।
भारत को इस हार के बाद ब्रॉन्ज मेडल मिला।
भारत की मेडल टैली 27 पर पहुंची
महिला कबड्डी में गोल्ड के बाद भारत के कुल पदकों की संख्या 27 हो गई है। इनमें 3 गोल्ड, 11 सिल्वर और 13 ब्रॉन्ज शामिल हैं।
भारत मेडल टैली में 12वें स्थान पर बना हुआ है। वहीं चीन ने महिलाओं की 50 मीटर राइफल 3 पोजिशन में गोल्ड जीतकर अपने गोल्ड मेडल की संख्या 100 के पार पहुंचा दी है।
आज 22 गोल्ड मेडल पर दांव
एशियन गेम्स के सातवें दिन कुल 22 गोल्ड मेडल के लिए मुकाबले होने हैं। एथलेटिक्स में सात और कैनो स्प्रिंट में चार गोल्ड मेडल दांव पर हैं। भारतीय खिलाड़ियों के कई मुकाबले अभी बाकी हैं, ऐसे में मेडल टैली में भारत की संख्या और बढ़ सकती है।
