असम में विधानसभा चुनाव नजदीक आते ही राजनीतिक माहौल गरमाता जा रहा है और हिंसा की घटनाएं भी बढ़ती नजर आ रही हैं। इसी बीच चराईदेव जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक भाजपा कार्यकर्ता की लाठियों से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान खूदकन बोरा के रूप में हुई है, जो चुनाव प्रचार में सक्रिय रूप से जुटे हुए थे। आरोप है कि जय भारत पार्टी के समर्थकों ने उन पर हमला किया, जिसमें उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
सूत्रों के मुताबिक, इस मामले में तिलेश्वर मुर्मू को मुख्य आरोपी बताया जा रहा है। घटना के बाद सोनारी विधानसभा क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति बन गई है, जिसे देखते हुए इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
इस घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए सोनारी के विधायक धर्मेश्वर कोंवर ने इसे बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि एक कार्यकर्ता को रोककर पीट-पीटकर हत्या करना लोकतंत्र के लिए गंभीर चिंता का विषय है।
स्थानीय लोगों में घटना को लेकर भारी आक्रोश है और उन्होंने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच जारी है।
