भारत के 7 राज्यों की 13 विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनावों के बाद वोटों की गिनती जारी है. चुनाव आयोग ने आधिकारिक तौर पर अब तक केवल पंजाब की जालंधर पश्चिम की सीट का नतीजा घोषित किया है. इस सीट पर आम आदमी पार्टी के मोहिंदर भगत ने बीजेपी के शीतल अंगुराल को 37 हज़ार से ज़्यादा वोटों से हरा दिया है. कांग्रेस पार्टी की सुरिंदर कौर इस सीट पर तीसरे नंबर पर रही हैं.
चुनाव आयोग के वेबसाइट के मुताबिक़ वोटों की गिनती शुरू होने के क़रीब 5 घंटे बाद बीजेपी केवल 1 सीट पर आगे चल रही है. यह सीट हिमाचल प्रदेश की हमीरपुर विधानसभा सीट है.
इसके अलावा कांग्रेस 5 जबकि टीएमसी पश्चिम बंगाल की सभी 4 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है. वहीं जेडीयू और डीएमके एक-एक सीट पर आगे हैं.
विधानसभी उपचुनाव के लिए जिन सीटों पर गिनती जारी है उनमें पश्चिम बंगाल की सबसे ज़्यादा 4 सीटें हैं, जबकि हिमाचल प्रदेश की 3, उत्तराखंड की 2 सीटें शामिल हैं.
इसके अलावा बिहार, तमिलनाडु, मध्य प्रदेश और पंजाब की भी एक-एक विधानसभा सीट पर वोटों की गिनती सुबह 8 बजे से जारी है. सभी सीटों पर वोटों की गिनती सुबह 8 बजे शुरू हो गई है.
