उत्तर प्रदेश के बागपत जिले के टीकरी कस्बे से रिश्तों को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। यहां वैलेंटाइन-डे के दिन चाची और भतीजे ने समाजिक परंपराओं को चुनौती देते हुए एक-दूसरे को जीवनसाथी के रूप में स्वीकार कर लिया। घटना के बाद क्षेत्र में चर्चा और हैरानी का माहौल है।
पांच साल से चल रहा था प्रेम-प्रसंग
जानकारी के मुताबिक, मेरठ की रहने वाली 28 वर्षीय पूजा की शादी आठ साल पहले दोघट थाना क्षेत्र के टीकरी कस्बे में पंकज से हुई थी। दंपति के तीन और पांच साल के दो बेटे हैं।
बताया जा रहा है कि पूजा का पिछले करीब पांच साल से अपने जेठ के बेटे 22 वर्षीय संजीव के साथ प्रेम-प्रसंग चल रहा था। परिवार को जानकारी होने के बाद कई बार दोनों को समझाने और अलग करने की कोशिश की गई, लेकिन मामला बढ़ता गया।
थाने के बाहर एक-दूसरे को पहनाई माला
शुक्रवार देर शाम पूजा, उसके पति पंकज, संजीव और कुछ गणमान्य लोग दोघट थाना पहुंचे। बातचीत के बाद थाने के बाहर ही पूजा और संजीव ने परिवार के सामने घोषणा की कि वे अपनी मर्जी से साथ रहना चाहते हैं और कस्बा छोड़कर जा रहे हैं।
इसके बाद दोनों ने एक-दूसरे के गले में माला डालकर अपने रिश्ते को सार्वजनिक रूप से स्वीकार कर लिया। इस दौरान महिला के पति ने कोई विरोध नहीं किया। वहीं, महिला के मायके पक्ष के लोगों ने मौके पर आने से इनकार कर दिया।
पुलिस ने क्या कहा?
दोघट थाना पुलिस का कहना है कि इस मामले में अब तक कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है और न ही थाने को पहले से कोई जानकारी थी।
वैलेंटाइन-डे पर सामने आए इस घटनाक्रम ने इलाके में सामाजिक बहस छेड़ दी है। लोग इसे लेकर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। फिलहाल दोनों के कस्बा छोड़कर जाने की बात कही जा रही है।
