रिपोर्ट – अमित शुक्ला
औरैया। कोतवाली औरैया क्षेत्र के ग्राम मलकपुर में 70 वर्षीय वृद्ध महिला की हत्या के मामले में पुलिस ने खुलासा करते हुए उनके बड़े बेटे को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने शराब पीने के लिए रुपये मांगे थे। मां के इनकार करने पर विवाद हुआ, जिसके बाद आरोपी ने उनके साथ मारपीट की और जमीन पर पटक दिया। सिर में गंभीर चोट लगने से वृद्ध महिला की मौत हो गई।
छोटे बेटे के मकान में मिला था महिला का शव
पुलिस के अनुसार, 26 सितंबर को ग्राम मलकपुर निवासी श्रीमती देवी (70), पत्नी स्वर्गीय राम आसरे का शव उनके छोटे बेटे वीर सिंह के मकान में मिला था। महिला के सिर पर गंभीर चोट के निशान थे। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और फॉरेंसिक टीम की मदद से घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
मृतका के छोटे बेटे वीर सिंह की तहरीर पर पुलिस ने उसके बड़े भाई बलवान और एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) के तहत हत्या का मुकदमा दर्ज किया था।
## चिरहूली पुल के नीचे से हुई गिरफ्तारी
मामले की जांच के दौरान पुलिस को आरोपी की तलाश थी। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने चार अक्टूबर की सुबह करीब 8:15 बजे चिरहूली पुल के नीचे से वांछित आरोपी बलवान को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह शराब पीने का आदी है और परिवार में जमीन को लेकर विवाद भी चल रहा था। पुलिस के मुताबिक, आरोपी पहले ही अपने हिस्से की जमीन बेच चुका था।
शराब के रुपये मांगने पर हुआ था विवाद
पुलिस के अनुसार, 26 सितंबर को आरोपी शराब के नशे में अपनी मां के पास पहुंचा और दोबारा शराब पीने के लिए रुपये मांगे। मां ने रुपये देने से मना कर दिया, जिसके बाद दोनों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि गुस्से में बलवान ने मां के साथ मारपीट की और उन्हें कई बार जमीन पर पटक दिया। सिर में गंभीर चोट लगने से उनकी मौत हो गई।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान 45 वर्षीय बलवान पुत्र स्वर्गीय राम आसरे, निवासी ग्राम मलकपुर, थाना कोतवाली औरैया के रूप में हुई है। पुलिस उसके आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटा रही है और मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।
आरोपी को गिरफ्तार करने वाली टीम में थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार तिवारी, उपनिरीक्षक मोहम्मद शकील खां सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।
