रिपोर्ट – अमित शुक्ला
औरैया। दिबियापुर थाना पुलिस और स्वाट/सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए मलकापुर गांव के खेतों में चल रही कथित अवैध शस्त्र निर्माण फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
उसके कब्जे से 19 तमंचे, 12 अधबने तमंचे, 38 जिंदा और 18 खोखा कारतूस के साथ शस्त्र बनाने में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद किए गए हैं।

पुलिस के मुताबिक, 1 अक्टूबर को संयुक्त टीम संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि मलकापुर गांव के खेतों में ट्यूबवेल के पास एक व्यक्ति अवैध रूप से तमंचे बनाने का काम कर रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी।
पुलिस के अनुसार, वहां एक व्यक्ति विद्युत ट्रांसफार्मर से केबल जोड़कर वेल्डिंग मशीन और ग्राइंडर की मदद से शस्त्र तैयार कर रहा था। पुलिस टीम को देखकर आरोपी ने भागने का प्रयास किया, लेकिन उसे शाम करीब 5:35 बजे मौके से पकड़ लिया गया।
पैसों के लालच में बनाता था तमंचे
गिरफ्तार आरोपी की पहचान विनोद कुमार राजपूत (51) पुत्र सालिगराम निवासी नंदपुर, थाना दिबियापुर, औरैया के रूप में हुई है। पुलिस का दावा है कि पूछताछ में आरोपी ने पैसों के लालच में अवैध शस्त्र बनाने की बात स्वीकार की। पुलिस के मुताबिक, वह वेल्डिंग का काम करने की आड़ में तमंचे तैयार कर उन्हें दूर-दराज के क्षेत्रों में बेचता था।
ये सामान हुआ बरामद
पुलिस के मुताबिक आरोपी के पास से 14 तमंचे .315 बोर, 2 तमंचे .12 बोर, 2 अधिया .315 बोर और 1 अधिया .12 बोर समेत कुल 19 तमंचे बरामद हुए। इसके अलावा 12 अधबने तमंचे भी मिले।
कारतूसों में .315 बोर के 16 जिंदा और 16 खोखा, जबकि .12 बोर के 4 जिंदा और 2 खोखा कारतूस शामिल हैं।
इसके अलावा पुलिस ने 12 लोहे की नाल, ग्राइंडर मशीन, ड्रिल मशीन, स्प्रिंग, ट्रिगर, ग्राइंडर के पत्ते, आरी, रेती, रेगमाल, वेल्डिंग मशीन, डाई और हथौड़ा समेत अन्य उपकरण बरामद किए हैं।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मु0अ0सं0 400/2026 के तहत धारा 3/5/25 आर्म्स एक्ट में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ पहले भी आर्म्स एक्ट समेत अन्य धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं।
कार्रवाई करने वाली टीम में निरीक्षक अपराध राजेश कुमार, प्रभारी स्वाट/सर्विलांस सेल उपनिरीक्षक समित चौधरी व उनकी टीम तथा चौकी प्रभारी हरचंदपुर उपनिरीक्षक आनंद कुमार शर्मा पुलिसकर्मियों के साथ शामिल रहे।
