पेरिस पैरालंपिक में भारत की अवनि लेखरा ने महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल शूटिंग प्रतियोगिता का गोल्ड मेडल जीता है.
अवनि साल 2022 में बीबीसी के इंडियन स्पोर्ट्स ऑफ द ईयर की नॉमनी भी रही हैं.
अवनि पहले कोरियाई शूटर युनरी ली से 0.8 से पिछड़ रही थीं. लेकिन कोरियाई शूटर का आखिरी शॉर्ट सिर्फ 6.8 प्वाइंट हासिल कर सका. जबकि अवनि ने 10.5 का स्कोर किया.
अवनि ने 249.7 प्वाइंट हासिल किया जबकि युनरी ली ने 246.8 प्वाइंट हासिल किया. इससे आखिरी राउंड में वो टॉप पर पहुंच गईं.
इसी इवेंट में खेल रहीं भारत की मोना अग्रवाल ने ब्रॉन्ज मेडल जीता. मोना अग्रवाल ने 228.7 प्वाइंट हासिल किया.
मूलतः जयपुर शहर की रहने वाली अवनि ने क़ानून की पढ़ाई की है. साल 2012 में एक कार दुर्घटना के बाद से वे स्पाइनल कॉर्ड (रीढ़ की हड्डी) से जुड़ी तकलीफ़ का सामना कर रही हैं.
इसके बाद वो व्हीलचेयर के सहारे ही चल पाती थीं लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी और शूटिंग में अपनी किस्मत आज़माई जहां उन्होंने लगातार सफलताएं हासिल कीं.
