अयोध्या। जाने माने अभिनेता और (महाभारत के भीष्म पितामह) मुकेश खन्ना सोमवार को अयोध्या पहुंचे, जहां उन्होंने देश के अमर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। यह कार्यक्रम शहीद भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव बलिदान दिवस के अवसर पर आयोजित किया गया था। कार्यक्रम के दौरान मुकेश खन्ना ने ‘जय हिंद हस्ताक्षर अभियान’ की शुरुआत की। इस अभियान का उद्देश्य देश के क्रांतिकारियों की स्मृति को सम्मान देना और आमजन में देशभक्ति की भावना को और सुदृढ़ करना है।
इस खास अवसर पर उन्होंने महान स्वतंत्रता सेनानियों भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव के बलिदान को याद करते हुए कहा कि देश उनके योगदान को कभी नहीं भूल सकता। उन्होंने सरकार से अपील की कि शहीदों के नाम पर सड़कों, चौक-चौराहों और सार्वजनिक स्थलों का नामकरण किया जाए, ताकि आने वाली पीढ़ियां उनके त्याग से प्रेरणा ले सकें।
अभिनेता मुकेश खन्ना ने रामलला के किए दर्शन
अभिनेता मुकेश खन्ना ने अपने संबोधन में बताया कि उन्हें पहले भी राम मंदिर आने का निमंत्रण मिला था, लेकिन व्यस्तताओं के चलते वे नहीं आ पाए थे। इस बार शहादत दिवस के विशेष अवसर पर अयोध्या पहुंचकर उन्होंने रामलला के दर्शन किए और खुद को सौभाग्यशाली बताया। उन्होंने अयोध्या को आध्यात्मिक और सांस्कृतिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि यहां से पूरे देश को “जय श्री राम” का संदेश जाता है।
जय हिंद हस्ताक्षर अभियान को सफल बनाने का लिया संकल्प
वहीं कार्यक्रम में गोपाल सिंह और दीपक कुमार त्रिपाठी सहित कई अन्य गणमान्य लोग भी मौजूद रहे। सभी ने मिलकर शहीदों को नमन किया और ‘जय हिंद हस्ताक्षर अभियान’ को सफल बनाने का संकल्प लिया। इस आयोजन ने न केवल शहीदों की यादों को ताजा किया, बल्कि युवाओं में देशप्रेम और राष्ट्र सेवा की भावना को भी मजबूत करने का संदेश दिया।
