बीजेपी के प्रतिनिधिमंडल ने रविवार को अयोध्या में पीड़ित परिवार से मुलाकात की थी. इसके बाद मुआवजा बढ़ा और पीड़िता को बेहतर इलाज के लिए अयोध्या से अच्छे अस्पताल में शिफ्ट करने की मांग हुई थी. अब सोमवार को पीड़िता को लखनऊ रेफर कर दिया गया है. सोमवार की सुबह उसे एंबुलेंस से लखनऊ भेजा गया है.
रेप पीड़िता को बेहतर इलाज के लिए लखनऊ के केजीएमयू रेफर किया गया है. पीड़िता को सुबह एंबुलेंस से लखनऊ भेजा गया. उसके साथ में सीएमओ डॉक्टर संजय जैन गए हैं. दरअसल, अयोध्या जिला महिला अस्पताल में बेहतर सुविधाओं का अभाव होने की वजह से उसे लखनऊ रेफर किया गया.
आज नहीं चलेगा बुलडोजर
दूसरी ओर आरोपी सपा नेता की अवैध संपत्ति पर सोमवार को बुलडोजर नहीं चलेगा. सावन के तीसरे सोमवार की वजह से आज कोई कार्रवाई इस मामले में नहीं होगी. एसडीएम सोहावल और सीओ अयोध्या ने इस संबंध में जानकारी दी है. वहीं गैंगरेप मामले में पीड़िता के परिवार को जान से मारने की धमकी मिल रही है.
आरोपी के समर्थकों ने धमकी दी है कि वह बच्चे और परिवार के सभी सदस्यों को मार डालेंगे. पीड़िता की मां ने कहा कि उन्हें फोन पर धमकी नहीं मिल रही है, बल्कि आरोपी के समर्थक सीधे उनके घर आकर धमकी दे रहे हैं. उन्होंने कहा कि यह लोग भदरसा के ही रहने वाले हैं और समुदाय विशेष से ताल्लुक रखते हैं.
