रिपोर्ट – अजय पाल यादव
बदायूं जिले के बिसौली कोतवाली क्षेत्र में एक युवती की मौत के बाद सनसनी फैल गई। युवती ने कथित तौर पर जहरीला पदार्थ खा लिया था। गंभीर हालत में उसे इलाज के लिए मुरादाबाद के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों ने हरदोई में तैनात एक सिपाही जीशान पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
परिजनों का आरोप है कि सिपाही ने युवती को शादी का झांसा देकर उसके साथ संबंध बनाए। इसके बाद युवती पर शादी के लिए दबाव बनाने और विरोध करने पर फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी देने का आरोप लगाया गया है। परिजनों के मुताबिक, इन परिस्थितियों के चलते युवती काफी समय से परेशान चल रही थी।
बताया जा रहा है कि परेशानी के चलते युवती ने जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे मुरादाबाद के अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
युवती की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने सिपाही जीशान और उसके परिवार के लोगों को युवती की मौत के लिए जिम्मेदार ठहराया है। उनका कहना है कि युवती लंबे समय से मानसिक तनाव में थी और कथित तौर पर सिपाही की ओर से बनाए जा रहे दबाव के कारण परेशान थी।

घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि परिजनों की ओर से दी गई तहरीर और सामने आए तथ्यों के आधार पर मामले की जांच की जाएगी। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस युवती की मौत से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। वहीं, परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों की भी जांच की जा रही है। मामले में पुलिस की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद स्थिति और स्पष्ट होने की उम्मीद है।

