बांग्लादेश की अंतरिम सरकार ने भारत में अपने उच्चायुक्त समेत पांच देशों से अपने राजनयिक वापस बुला लिए हैं. इन्हें ढाका वापस आने को कहा गया है. भारत के अलावा ऑस्ट्रेलिया, बेल्ज़ियम, पुर्तगाल और संयुक्त राष्ट्र से राजनयिकों को वापस बुलाया गया है.
भारत के पड़ोसी देश बांग्लादेश में हाल में ही बड़ा राजनीतिक बदलाव हुआ है. कई हफ्तों तक चले विरोध प्रदर्शन के बाद यहां नोबेल शांति पुरस्कार विजेता मोहम्मद यूनुस के नेतृत्व वाली अंतरिम सरकार बनी.
विरोध प्रदर्शनों के बीच तत्कालीन प्रधानमंत्री शेख़ हसीना को 5 अगस्त को इस्तीफ़ा देकर देश छोड़ना पड़ा था. वो भारत आ गई थीं.
इससे पहले बांग्लादेश ने ब्रिटेन से अपने उच्चायुक्त सईदा मुना तस्नीम को वापस बुलाया था. हाल में ही अंतरिम सरकार के मुख्य सलाहकार मोहम्मद यूनुस अमेरिका दौरे पर भी गए थे. यहां वो अमेरिका, पाकिस्तान समेत कई देशों के राष्ट्र प्रमुखों से भी मिले.
