Homeदेश विदेशबैंक ऑफ बड़ौदा ने लॉन्च किया ‘बॉब संवाद’, AI से बदलेगा बैंकिंग...

बैंक ऑफ बड़ौदा ने लॉन्च किया ‘बॉब संवाद’, AI से बदलेगा बैंकिंग अनुभव

मुंबई  बैंक ऑफ बड़ौदा ने एआई-आधारित बहुभाषी प्लेटफॉर्म ‘बॉब संवाद’ का लोकार्पण किया है। इसका औपचारिक शुभारंभ 28 मार्च 2026 को मुंबई में वित्त मंत्रालय के वित्तीय सेवाएं विभाग के सचिव एम. नागराजू द्वारा किया गया।

यह प्लेटफॉर्म बैंकिंग उद्योग का पहला एआई-संचालित संवाद सिस्टम है, जिसका उद्देश्य शाखाओं में ग्राहकों और कर्मचारियों के बीच बातचीत के अनुभव को पूरी तरह बदलना है। ‘बॉब संवाद’ भाषा संबंधी बाधाओं को खत्म कर ग्राहकों को उनकी पसंदीदा भाषा में सहज संवाद की सुविधा देता है।

शुभारंभ के दौरान एम. नागराजू ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि यह प्लेटफॉर्म बैंकिंग सेवाओं को अधिक समावेशी और सुलभ बनाएगा तथा ग्राहक सेवा के नए मानक स्थापित करेगा।

इस अवसर पर बैंक की हरित पहल ‘बॉब फॉरेस्ट’ का भी अवलोकन किया गया, जो मुंबई स्थित बीकेसी कार्यालय में 6,000 वर्ग फुट में विकसित एक ग्रीन स्पेस है। यह पहल बैंक की पर्यावरण और ईएसजी लक्ष्यों के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

बैंक के प्रबंध निदेशक एवं सीईओ डॉ. देबदत्त चांद ने बताया कि ‘बॉब संवाद’ के जरिए बैंक अपनी शाखाओं को अधिक ग्राहक-अनुकूल और समावेशी बना रहा है। यह प्लेटफॉर्म एआई आधारित स्पीच और लैंग्वेज टेक्नोलॉजी का उपयोग कर 22 भारतीय भाषाओं में रीयल-टाइम संवाद संभव बनाता है।

यह सिस्टम ग्राहकों और बैंक कर्मचारियों के बीच तुरंत अनुवाद की सुविधा देता है, जिससे अलग-अलग भाषाएं बोलने वाले लोग भी आसानी से संवाद कर सकते हैं। बातचीत स्क्रीन पर टेक्स्ट के रूप में दिखाई देती है और वॉयस मोड के जरिए सुनने की सुविधा भी उपलब्ध है।

पहले चरण में इस प्लेटफॉर्म को तमिलनाडु, कर्नाटक, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश और महाराष्ट्र की 250 शाखाओं में लागू किया जाएगा। इसके बाद इसे पूरे देश में चरणबद्ध तरीके से विस्तारित किया जाएगा।

RELATED ARTICLES

Most Popular