उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में दिनदहाड़े हुई फायरिंग की वारदात से सनसनी फैल गई। लखनऊ-अयोध्या हाईवे पर असेनी मोड़ के पास अज्ञात हमलावरों ने बाहुबली नेता Mukhtar Ansari के करीबी माने जाने वाले अधिवक्ता शोएब किदवई उर्फ बॉबी की गोली मारकर हत्या कर दी।
हाईवे पर ताबड़तोड़ फायरिंग
प्रत्यक्षदर्शियों और सूत्रों के मुताबिक, लखनऊ की ओर से आ रही एक बलिनो कार को शूटरों ने घेर लिया और ताबड़तोड़ गोलियां बरसाईं। बताया जा रहा है कि करीब 15 राउंड फायरिंग हुई, जिससे पूरा इलाका दहल उठा। पुलिस को मौके से पांच से अधिक खोखे बरामद हुए हैं।
अंधाधुंध फायरिंग में अधिवक्ता शोएब किदवई की मौके पर ही मौत हो गई। उनकी खून से लथपथ लाश कार के पास मिली। घटना के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई और ट्रैफिक कुछ समय के लिए प्रभावित रहा।
भारी पुलिस बल तैनात, जांच जारी
वारदात की सूचना मिलते ही नगर कोतवाली पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाए। पूरे जिले में अलर्ट जारी कर दिया गया है।
पुरानी रंजिश या गैंगवार?
पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है। शुरुआती तौर पर पुरानी रंजिश या गैंगवार की आशंका जताई जा रही है, हालांकि अधिकारियों ने अभी किसी निष्कर्ष की पुष्टि नहीं की है।
व्यस्त लखनऊ-अयोध्या हाईवे पर हुई इस दुस्साहसिक हत्या ने कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस का कहना है कि हमलावरों की तलाश के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
