नई दिल्ली। महाराष्ट्र के बारामती में हुए दर्दनाक विमान हादसे को लेकर देश के सियासी गलियारों से लगातार प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। इस हादसे में महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार के निधन पर राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव ने गहरा दुख जताया है और उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।
लालू यादव ने X पर जताया दुख
लालू प्रसाद यादव ने बुधवार (28 जनवरी 2026) को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा—“बारामती प्लेन हादसे में महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम श्री अजीत पवार जी के निधन का अत्यंत दुखद समाचार प्राप्त हुआ। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करे तथा परिजनों और समर्थकों को इस अपूरणीय क्षति को सहने की क्षमता प्रदान करे। हादसे की उच्च स्तरीय जांच होनी चाहिए। विनम्र श्रद्धांजलि।”
RJD ने भी जताई संवेदनाएं
आरजेडी के आधिकारिक एक्स हैंडल से भी शोक संदेश जारी किया गया। पार्टी ने लिखा—“महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री अजीत पवार जी के आकस्मिक निधन पर समस्त राष्ट्रीय जनता दल परिवार गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता है। ईश्वर उनके प्रियजनों को इस असह्य पीड़ा को सहने की शक्ति प्रदान करें।”
बताया गया है कि इस हादसे पर तेजस्वी यादव ने भी शोक व्यक्त किया है।
विजय सिन्हा बोले- खबर हृदयविदारक
बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने भी अजित पवार के निधन पर शोक जताते हुए कहा—“अत्यंत दुखद एवं पीड़ादायक समाचार! बारामती में हुए विमान हादसे में माननीय उपमुख्यमंत्री अजित पवार जी के निधन की खबर हृदयविदारक है। यह देश और प्रदेश के लिए अपूरणीय क्षति है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें और शोकाकुल परिवार को संबल दें।”
राजीव प्रताप रूडी ने जताई संवेदना
बीजेपी सांसद राजीव प्रताप रूडी ने कहा—“बारामती विमान दुर्घटना में महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार जी के असामयिक निधन का समाचार अत्यंत पीड़ादायक है। जनसेवा के प्रति उनका समर्पण और प्रशासनिक दक्षता उन्हें एक कर्मठ जननेता बनाती है। इस दुख की घड़ी में मेरी गहरी संवेदनाएं उनके परिजनों और समर्थकों के साथ हैं।”
देशभर में शोक की लहर
अजित पवार के असामयिक निधन से महाराष्ट्र ही नहीं, बल्कि पूरे देश के राजनीतिक हलकों में शोक का माहौल है। लगातार नेता श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं और हादसे की निष्पक्ष व उच्चस्तरीय जांच की मांग तेज होती जा रही है।
