Bareilly के थाना बारादरी क्षेत्र में एक चोर की अजीबोगरीब करतूत सामने आई है, जिसने चोरी के सबूत मिटाने के लिए चांदी की चेन निगल ली। हालांकि पुलिस की सतर्कता और डॉक्टरों की मदद से आखिरकार आरोपी की चालाकी पकड़ में आ गई और चेन बरामद कर ली गई।
मामला हजियापुर इलाके का है, जहां के रहने वाले सिकंदर उर्फ छोटू ने करीब 42 ग्राम की चांदी की चेन चोरी की थी। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने अपने साथी के साथ एक घर में घुसकर बाइक, मोबाइल फोन और चांदी का सामान चोरी किया था।
जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान की गई और उसे गिरफ्तार कर लिया गया। लेकिन गिरफ्तारी के समय ही उसने चांदी की चेन निगल ली, ताकि कोई सबूत न मिले।
इसके बाद आरोपी को अस्पताल ले जाया गया, जहां एक्स-रे से यह पुष्टि हुई कि चेन उसके पेट में मौजूद है। आरोपी ने चालाकी दिखाते हुए दो दिन तक शौच नहीं किया, ताकि चेन बाहर न आ सके और पुलिस को गुमराह किया जा सके।
आखिरकार पुलिस ने कोर्ट और जेल प्रशासन की अनुमति से आरोपी को दोबारा अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टरों की सलाह पर उसे पेट साफ करने की दवा दी गई, जिसके बाद कुछ समय में चेन शरीर से बाहर निकल आई।
सीओ Pankaj Srivastava ने बताया कि बरामद चांदी की चेन को सबूत के तौर पर सुरक्षित रख लिया गया है और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है।
इस अनोखे मामले ने जहां पुलिस को तीन दिन तक परेशान रखा, वहीं अब यह घटना इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है।
