केके उपाध्याय
भदोही
भदोही। भदोही जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत 14 आयुष्मान आरोग्य मंदिर (सब सेंटर) का निर्माण कार्य जल्द ही शुरू होने जा रहा है।
इस संबंध में जानकारी देते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संतोष कुमार ने बताया कि शासन द्वारा जनपद में कुल 53 सब सेंटर निर्माण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिसमें से 14 सब सेंटर के लिए धनराशि स्वीकृत कर दी गई है।
उन्होंने बताया कि एक आयुष्मान आरोग्य मंदिर का निर्माण लगभग 31 लाख रुपये की लागत से किया जाएगा। जिलाधिकारी (डीएम) के निर्देश पर उप जिलाधिकारी (एसडीएम) और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों द्वारा निर्माण के लिए भूमि का चयन भी कर लिया गया है।
डॉ. संतोष कुमार के अनुसार, इन आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में टेलीमेडिसिन, प्रसव सेवाएं, राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों के तहत उपचार तथा ओपीडी सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
साथ ही, केंद्र और राज्य सरकार द्वारा संचालित सभी प्रमुख स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ भी यहां पर लोगों को मिलेगा।
उन्होंने बताया कि इन केंद्रों पर कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर एवं एएनएम की तैनाती भी की जा चुकी है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाएं और अधिक सुलभ और प्रभावी हो सकेंगी।
सरकार का उद्देश्य ग्रामीण इलाकों में स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार कर आमजन को बेहतर इलाज उपलब्ध कराना है, जिसके तहत इन सब सेंटरों का निर्माण कराया जा रहा है।
