Homeउत्तर प्रदेशस्मार्ट प्रीपेड मीटर के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन, राज्यपाल के नाम...

स्मार्ट प्रीपेड मीटर के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन, राज्यपाल के नाम सौंपा ज्ञापन

ज्ञानपुर (भदोही)। जनपद भदोही में मंगलवार को जिला कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में स्मार्ट प्रीपेड मीटर व्यवस्था के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया गया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अधिशासी अभियंता, विद्युत विभाग भदोही के माध्यम से उत्तर प्रदेश के राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा।

कार्यक्रम का नेतृत्व जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष वसीम अंसारी ने किया। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ आम उपभोक्ता भी शामिल रहे। ज्ञापन में प्रदेश में लागू की जा रही स्मार्ट प्रीपेड मीटर व्यवस्था को जनविरोधी बताते हुए इसे पूरी तरह समाप्त करने की मांग की गई।

मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कोऑर्डिनेटर एवं भदोही प्रभारी दयाशंकर पांडेय ने कहा कि यह व्यवस्था आम जनता पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि तकनीकी खामियों के कारण उपभोक्ताओं को लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

ज्ञापन में मांग की गई कि प्रदेशभर में स्मार्ट प्रीपेड मीटर योजना को समाप्त किया जाए, लगाए गए मीटरों को हटाकर पारंपरिक मीटर पुनः स्थापित किए जाएं तथा गठित समिति की रिपोर्ट सार्वजनिक की जाए। साथ ही, जनप्रतिनिधियों की भागीदारी सुनिश्चित करने और भविष्य में किसी भी नई व्यवस्था को लागू करने से पहले उपभोक्ताओं की सहमति लेने की भी मांग रखी गई।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि सरकार द्वारा योजना पर अस्थायी रोक लगाना जनता के दबाव का परिणाम है, लेकिन यह स्थायी समाधान नहीं है। चेतावनी दी गई कि यदि जल्द ही ठोस निर्णय नहीं लिया गया तो कांग्रेस व्यापक जनआंदोलन करने को बाध्य होगी।

इस मौके पर दिलीप मिश्रा, दीनानाथ दूबे, मुशीर इकबाल, मसूद आलम, सुबुकतगीन अंसारी, सुरेश गौतम, त्रिलोकी नाथ बिंद, राजेन्द्र मौर्य, सरफराज अहमद, सुरेश चौहान, रमाशंकर बिंद, नाजिम अली, शमशीर अहमद, अनीश शेख, मनोज गौतम, मृत्युंजय सिंह टोनी, शबाना खातून, शक्ति मिश्रा, उपेंद्र भारती, विशाल गौतम, राम सजीवन गौतम, राजनाथ यादव, बंशीधर शुक्ला, ओम प्रकाश मिश्रा समेत कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

Most Popular