बिहार विधानसभा का बजट सत्र सोमवार, 2 फरवरी 2026 को शुरू हुआ। पहले दिन विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव व्हीलचेयर पर नजर आए। उनका यह वीडियो सामने आने के बाद से सोशल मीडिया और मीडिया में सवाल उठने लगे कि क्या तेजस्वी यादव बीमार हैं या उन्हें कोई गंभीर चोट लगी है।
तेजस्वी यादव ने खुद बताई चोट का कारण
तेजस्वी यादव ने स्पष्ट किया कि लगभग 8-9 दिन पहले, 25 जनवरी को उन्हें ठोकर लग गई थी, जिससे उनके पैर में चोट लगी और पैर के अंगूठे का नाखून उखड़ गया। इस चोट के कारण उन्हें चलने में कठिनाई हो रही थी, इसलिए वे विधानसभा के पहले दिन व्हीलचेयर पर आए।
उन्होंने कहा:“नाखून उखड़ गया… कभी-कभी ऐसी चीजें हो जाती हैं।”बताया जा रहा है कि तेजस्वी यादव फिलहाल चिकित्सकीय देखरेख में हैं। आरजेडी की मीडिया पोस्ट में भी उनकी चोट की जानकारी पहले ही साझा की गई थी।
बजट सत्र की शुरुआत और राज्यपाल का अभिभाषण
सत्र की शुरुआत राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान के अभिभाषण से हुई। राज्यपाल ने अपने संबोधन में सरकार की प्राथमिकताओं, उपलब्धियों और भविष्य की योजनाओं का जिक्र किया।सत्र में सत्तारूढ़ दल और विपक्ष के बीच कड़ा संघर्ष देखा गया।
NEET छात्रा मौत मामले पर हंगामा
आरजेडी नेता भाई वीरेंद्र ने बजट सत्र के दौरान सरकार की नीतियों और NEET छात्रा की मौत पर सवाल उठाने की बात कही। उन्होंने आरोप लगाया कि छात्रा की मौत में सत्ता पक्ष के नेताओं की संलिप्तता हो सकती है और इसे सीबीआई जांच के नाम पर गुमराह किया जा रहा है, ताकि असली अपराधियों को बचाया जा सके।
आरजेडी के प्रधान महासचिव और विधायक रणविजय साहू ने कहा कि जब तक मुख्यमंत्री नीतीश कुमार इस मामले पर साफ़-सफ़ाई नहीं देंगे, तब तक सदन नहीं चलने दिया जाएगा।
सदन में इस मुद्दे को लेकर सत्तापक्ष और विपक्ष के बीच तनाव और हंगामा जारी रहा।
