Homeउत्तर प्रदेशकाम का हिसाब होगा, तभी मिलेगा मुकाम; भाजपा में निष्क्रियता पर लोधी...

काम का हिसाब होगा, तभी मिलेगा मुकाम; भाजपा में निष्क्रियता पर लोधी का सीधा वार

रिपोर्ट- अभिषेक मिश्रा 

कानपुर। भारतीय जनता पार्टी ने संगठन के भीतर कार्यकर्ताओं की सक्रियता को लेकर अपना रुख स्पष्ट कर दिया है। पार्टी के प्रदेश महामंत्री एवं कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र प्रभारी शंकर लाल लोधी ने कानपुर उत्तर जिला कार्यालय, नवीन मार्केट में अपने प्रथम आगमन पर आयोजित बैठक में कार्यकर्ताओं को साफ संदेश दिया कि संगठन में केवल सदस्यता या पद होना पर्याप्त नहीं है।

संगठन में वही कार्यकर्ता आगे बढ़ेगा, जो जमीन पर उतरकर पार्टी के लिए काम करेगा और अपने दायित्व को पूरी जिम्मेदारी के साथ निभाएगा।

जिला अध्यक्ष अनिल दीक्षित की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में शंकर लाल लोधी ने कहा, “पार्टी का कार्य करने वाला ही कार्यकर्ता है। जो कार्य नहीं करता, वह केवल पार्टी का सदस्य है। जो कार्य करेगा, उसी का विकास होगा।” उन्होंने कार्यकर्ताओं को संगठन की जिम्मेदारी का अहसास कराते हुए कहा कि पार्टी की मजबूती बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं की सक्रियता से होती है। इसलिए प्रत्येक कार्यकर्ता को अपने क्षेत्र में लगातार सक्रिय रहना होगा।

रोज कम से कम एक घंटा पार्टी को देने का आह्वान

लोधी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दिन में 18-18 घंटे काम करते हैं। ऐसे में भाजपा के प्रत्येक कार्यकर्ता को भी प्रतिदिन कम से कम एक घंटा पूरे मनोयोग से पार्टी और संगठन के लिए देना चाहिए।

उन्होंने कहा कि संगठन के लिए आज पूरी ताकत से काम करने वाला कार्यकर्ता ही भविष्य में बड़ी जिम्मेदारियों तक पहुंच सकता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर पर मेहनत करने और जनता के बीच लगातार संपर्क बनाए रखने का आह्वान किया। उनके मुताबिक, संगठन में सक्रियता और जिम्मेदारी निभाने वाले कार्यकर्ताओं के लिए आगे बढ़ने के अवसर बनते हैं।

“अपरिचित को परिचित, परिचित को मित्र और मित्र को कार्यकर्ता बनाओ”

प्रदेश महामंत्री ने संगठन विस्तार के लिए कार्यकर्ताओं को खास मंत्र दिया। उन्होंने कहा कि संगठन का विस्तार केवल बैठकों, पदों और कार्यालयों तक सीमित नहीं रहना चाहिए। पार्टी को नए लोगों से जोड़ने के लिए कार्यकर्ताओं को समाज के बीच लगातार संपर्क बढ़ाना होगा।

उन्होंने कहा, “अपरिचित को परिचित, परिचित को मित्र और मित्र को कार्यकर्ता बनाओ।” लोधी ने कहा कि जो कार्यकर्ता अपने दायित्व में दक्ष होगा और संगठन के लिए लगातार काम करेगा, वही आगे चलकर नेतृत्व की भूमिका में पहुंचेगा।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि पार्टी की विचारधारा और संगठन के कार्यक्रमों को समाज के अलग-अलग वर्गों तक पहुंचाना जरूरी है। इसके लिए बूथ स्तर से लेकर मंडल स्तर तक लगातार सक्रियता बनाए रखने की जरूरत है।

हर विधानसभा में पदाधिकारी करेंगे मंडलों का प्रवास

संगठन में सक्रियता की निगरानी को लेकर भी शंकर लाल लोधी ने कार्यकर्ताओं को जानकारी दी। उन्होंने कहा कि अब हर विधानसभा में एक क्षेत्रीय पदाधिकारी और जिले का एक पदाधिकारी लगातार मंडलों में प्रवास करेगा।

उन्होंने कहा कि मंडल स्तर तक संगठन के काम को गति दी जाएगी और कार्यकर्ताओं की सक्रियता को भी परखा जाएगा। पदाधिकारियों के प्रवास के जरिए मंडल और बूथ स्तर की गतिविधियों की जानकारी ली जाएगी तथा संगठनात्मक कामकाज को और मजबूत करने का प्रयास किया जाएगा।

RELATED ARTICLES

Most Popular