Homeउत्तर प्रदेशभाजपा विधायक का छलका दर्द, बेटी संग LIVE आकर बोले- '25 शादियां...

भाजपा विधायक का छलका दर्द, बेटी संग LIVE आकर बोले- ’25 शादियां करने वाले समधी को फांसी हो’

उत्तर प्रदेश के सीतापुर में मिश्रिख से भाजपा विधायक ज्ञान तिवारी ने अपनी बेटी डॉ. प्रज्ञा तिवारी के साथ सोशल मीडिया पर लाइव आकर अपनी पीड़ा साझा की। विधायक ने आरोप लगाया कि उनके समधी अनुज त्रिवेदी ने छद्म नामों से कई महिलाओं से शादी कर ठगी की और कहा कि ऐसे व्यक्ति को कड़ी से कड़ी सजा, यहां तक कि फांसी मिलनी चाहिए।

लाइव के दौरान ज्ञान तिवारी भावुक हो गए। उन्हें रोता देख उनकी बेटी डॉ. प्रज्ञा तिवारी भी अपने आंसू नहीं रोक सकीं। विधायक ने कहा कि वह इस मुद्दे पर किसी जनप्रतिनिधि के रूप में नहीं, बल्कि एक पिता के रूप में बोल रहे हैं।

ज्ञान तिवारी ने बताया कि उन्होंने अपनी बेटी को एमबीबीएस डॉक्टर बनाया और वर्ष 2024 में उसकी शादी अनुज त्रिवेदी के बेटे प्रखर त्रिवेदी से कराई थी। शादी से पहले उन्होंने पूरी जानकारी जुटाने का दावा किया, लेकिन बाद में पता चला कि अनुज त्रिवेदी पर अलग-अलग नामों से कई महिलाओं से शादी कर करोड़ों रुपये की ठगी करने के आरोप हैं और वह जेल भी जा चुका है।

उन्होंने कहा, “हम खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं। मेरी बेटी के साथ अन्याय हुआ है। अगर मेरी बेटी चाहेगी तो मैं भी अनुज त्रिवेदी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराऊंगा। वह दुष्ट व्यक्ति है और उसे फांसी होनी चाहिए।”

24 मई को हुई थी गिरफ्तारी

विधायक ने बताया कि महाराष्ट्र पुलिस ने 24 मई को अनुज त्रिवेदी को ग्रेटर नोएडा से गिरफ्तार किया था। उस पर वैवाहिक विज्ञापनों के जरिए करीब 25 महिलाओं से शादी कर करोड़ों रुपये की ठगी करने का आरोप है। फिलहाल वह महाराष्ट्र की जेल में बंद है।

ज्ञान तिवारी का कहना है कि अनुज त्रिवेदी के खिलाफ वर्ष 2016, 2018, 2020, 2021 और 2022 में भी कई मुकदमे दर्ज हैं। उन्होंने कहा कि अगर ये मामले उनके क्षेत्र में दर्ज होते तो शायद उन्हें पहले ही जानकारी मिल जाती।

‘बेटी अब हमेशा मेरे साथ रहेगी’

विधायक ने कहा कि उनकी बेटी आत्मनिर्भर है और एमबीबीएस डॉक्टर होने के कारण अपने दम पर जीवन जी सकती है। उन्होंने कहा, “मेरे दो बेटे हैं और तीसरी मेरी बेटी है। अब वह हमेशा मेरे साथ रहेगी। जरूरत पड़ी तो उसके लिए अलग घर भी बनवाऊंगा।”

RELATED ARTICLES

Most Popular