थाइलैंड की राजधानी बैंकॉक के एक मशहूर होटल में मंगलवार को वियतनाम के 6 लोगों के शव मिले हैं.इन शवों को सबसे पहले होटल के एक सफाई कर्मचारी ने देखा
पुलिस के मुताबिक़, मारे गए लोगों को संभवतः चाय में सायनाइड ज़हर मिलाकर दिया गया था.जाँच अधिकारियों के मुताबिक़, इन सभी की मौत शव पाए जाने से 24 घंटे पहले हुई होगी.
थाइलैंड के जाँच अधिकारी इन रहस्यमयी मौतों के पीछे की एक वजह क़र्ज़ को मानकर जाँच कर रहे हैं. उनका कहना है कि मारे गए लोगों में से दो ने एक अन्य को निवेश के लिए बड़ा क़र्ज़ दे रखा था.
इससे पहले इन शवों के पाए जाने के बाद इलाक़े में भ्रम की स्थिति थी.शुरुआती स्थानीय रिपोर्ट में इस घटना को गोलीबारी से जोड़ा जा रहा था, हालाँकि पुलिस ने ऐसी रिपोर्ट को ख़ारिज़ कर दिया है.
इन मौतों को लेकर अब तस्वीर कुछ हद तक स्पष्ट हो रही है. पुलिस के मुताबिक़, छह लोगों का यह ग्रुप सोमवार को होटल के कमरे में आया था.
