बॉलीवुड अभिनेता और शिव सेना (शिंदे गुट) नेता गोविंदा को मंगलवार को ग़लती से अपने ही रिवॉल्वर से पैर में गोली लग गई. उन्हें तत्काल अस्पताल में ले जाया गया है. कहा जा रहा है कि गोविंदा मुंबई में अपने घर पर रिवॉल्वर साफ़ कर रहे थे, तभी गोली पैर में लग गई.
मुंबई की बीबीसी की सहयोगी पत्रकार मधु पाल के मुताबिक़ उनकी पत्नी सुनीता घर पर नहीं थीं. वह जयपुर में थीं लेकिन ख़बर सुनते ही वहाँ से रवाना हो गई हैं.
गोविंदा के मैनेजर ने समाचार एजेंसी एएनआई से कहा वह अपने लाइसेंसी रिवॉल्वर को कवर में रख रहे थे, उसी दौरान पैर पर गिर गया और गोली लग गई. डॉक्टरों ने पैर से गोली निकाल दी है और अब वह पूरी तरह से ठीक हैं लेकिन अभी अस्पताल में ही हैं.
