रिपोर्ट: प्रिया बाजपेयी शुक्ला
वाराणसी/लखनऊ। उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने वाराणसी मंडल की स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा करते हुए निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज का काम जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। बुधवार को वाराणसी में आयोजित मंडल स्तरीय बैठक में वाराणसी, चंदौली, गाजीपुर और जौनपुर के स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग के अधिकारियों के साथ अस्पतालों की व्यवस्थाओं, सरकारी योजनाओं और निर्माणाधीन परियोजनाओं की प्रगति पर चर्चा की गई।
डिप्टी सीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि निर्माण कार्यों में अनावश्यक देरी न हो और सभी परियोजनाएं तय समयसीमा के भीतर पूरी की जाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी तरह का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। संबंधित अधिकारियों को परियोजनाओं की नियमित निगरानी करने और काम में तेजी लाने के निर्देश भी दिए गए।
समीक्षा बैठक में ब्रजेश पाठक ने कहा कि आम लोगों को सुलभ, गुणवत्तापूर्ण और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना प्रदेश सरकार की प्राथमिकता है। इसके लिए सरकारी अस्पतालों में चिकित्सा सुविधाओं, आवश्यक संसाधनों और मरीजों को मिलने वाले उपचार की नियमित समीक्षा की जानी चाहिए।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि मंडल के सभी जिलों में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाया जाए। मरीजों को समय पर उपचार मिले और विभागीय योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचे, यह सुनिश्चित करना अधिकारियों की जिम्मेदारी है।
डिप्टी सीएम ने स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े कार्यों में लापरवाही नहीं बरतने की हिदायत देते हुए कहा कि आमजन को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के लिए सभी अधिकारी पूरी जिम्मेदारी और तत्परता के साथ काम करें।
निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी के निर्देश
ब्रजेश पाठक ने निर्माणाधीन परियोजनाओं की प्रगति पर लगातार नजर रखने और निर्धारित लक्ष्यों को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार और चिकित्सा संस्थानों को मजबूत करना जरूरी है, ताकि लोगों को बेहतर उपचार के लिए परेशान न होना पड़े।
उन्होंने अधिकारियों को जनहित को सर्वोपरि रखते हुए पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ कार्य करने को कहा। बैठक में अपर निदेशक स्वास्थ्य, वाराणसी मंडल डॉ. दिग्विजय सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
