Homeउत्तर प्रदेशयूपी विधानसभा चुनाव को लेकर BSP की बड़ी बैठक, मायावती ने संगठन...

यूपी विधानसभा चुनाव को लेकर BSP की बड़ी बैठक, मायावती ने संगठन में बदलाव के दिए संकेत

लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा आम चुनाव को लेकर बहुजन समाज पार्टी (BSP) ने अपनी तैयारियाँ तेज कर दी हैं। इसी क्रम में बीएसपी प्रमुख मायावती ने पार्टी की यूपी स्टेट यूनिट के स्टेट, मंडल, जिला और विधानसभा स्तर तक के सभी छोटे-बड़े पदाधिकारियों की एक विशेष बैठक की, जिसमें आगामी चुनावों को लेकर गहन विचार-विमर्श किया गया।

चुनावी रणनीति के तहत संगठन में ज़रूरी फेरबदल: मायावती

बैठक को संबोधित करते हुए मायावती ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता विरोधी दलों के साम, दाम, दंड, भेद जैसे हथकंडों और कुछ स्वार्थी दलित संगठनों के षड्यंत्रों का डटकर मुकाबला कर रहे हैं।

उन्होंने कहा—“पार्टी के लोग पूरे जी-जान से संगठन को मजबूत करने के मिशनरी कार्य में लगे हैं, लेकिन आगामी चुनावी तैयारियों को ध्यान में रखते हुए संगठन में ज़रूरी फेरबदल किए जाना भी आवश्यक है।”

बीजेपी सरकार से जनता त्रस्त, ब्राह्मण समाज भी उपेक्षित: मायावती

बीएसपी सुप्रीमो ने बीजेपी सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि—“कुछ मुट्ठीभर लोगों को छोड़कर समाज का हर वर्ग आज बीजेपी सरकार से दुखी और त्रस्त है।”

उन्होंने विशेष रूप से ब्राह्मण समाज का उल्लेख करते हुए कहा कि यह वर्ग अपनी उपेक्षा, असुरक्षा और असम्मान के खिलाफ काफी मुखर है, जिसकी चर्चा पूरे देश में हो रही है।

मायावती ने कहा—“बीएसपी ने सत्ता में रहते हुए सर्वसमाज के साथ-साथ ब्राह्मण समाज को भी पूरा आदर-सम्मान, पद और न्याय दिया है।”

यूपी को चाहिए समतामूलक विकास: सड़क, बिजली, रोजगार

मायावती ने कहा कि उत्तर प्रदेश के लोगों को अपने अच्छे दिन के लिए बुनियादी सुविधाओं की सख्त जरूरत है।

उन्होंने कहा—“बेहतर सड़क, बिजली, पानी, ट्रैफिक व्यवस्था, शिक्षा, अस्पताल और रोजगार के बिना प्रदेश का समतामूलक विकास संभव नहीं है।”

SIR प्रक्रिया में आमजन को सहयोग करे सरकार

बीएसपी प्रमुख ने सरकार से SIR (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन) प्रक्रिया को लेकर अपील करते हुए कहा कि—“सरकार को आमजन को वोटर बनने में सहानुभूतिपूर्वक सहयोग करना चाहिए।”

संसद का बजट सत्र हंगामेदार, लोकतंत्र को हो रहा नुकसान

मायावती ने संसद के मौजूदा बजट सत्र पर भी टिप्पणी करते हुए उन्होंने कहा—“संसद में सवाल-जवाब के साथ सभी को अपनी बात रखने का पूरा मौका मिलना चाहिए, ताकि जनता तथ्यों के आधार पर खुद सही-गलत का आकलन कर सके।”

बैठक से पहले मीडिया को भी किया गया संबोधित

गौरतलब है कि इस अहम बैठक से पहले मायावती ने मीडिया को भी संबोधित किया, जिसके प्रमुख अंश बैठक के अंत में साझा किए गए।

RELATED ARTICLES

Most Popular