रिपोर्ट – अजयपाल यादव
बदायूं। जिले के इस्लामनगर कस्बे के मेन चौराहे पर पुलिस बूथ के सामने दो युवक आपस में भिड़ गए। दोनों के बीच जमकर लात-घूंसों से मारपीट हुई। पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब सामने आया है।
बताया जा रहा है कि पुलिस बूथ के ठीक सामने किसी बात को लेकर दोनों युवकों में कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों के बीच हाथापाई शुरू हो गई। बीच चौराहे पर मारपीट होते देख मौके पर राहगीरों की भीड़ जमा हो गई।
वायरल सीसीटीवी फुटेज में एक युवक दूसरे पर लातों से हमला करता दिखाई दे रहा है। वहीं, दूसरा युवक जमीन पर पड़ा प्लास्टिक का स्टूल उठाकर जवाबी हमला करता नजर आ रहा है। सड़क के बीच मारपीट होने से चौराहे पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया और जाम की स्थिति भी पैदा हो गई।
हंगामा बढ़ता देख मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी ने दौड़कर दोनों युवकों को अलग कराया। बताया जा रहा है कि मारपीट में एक युवक घायल हुआ है। घटना के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को संज्ञान में लिया है।
पुलिस के मुताबिक, अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत नहीं दी गई है। शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

