लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को विधानसभा में वित्तीय वर्ष 2026-27 का बजट पेश होने से पहले कहा कि यह बजट ‘विकसित भारत-2047’ के निर्माण और ‘नए उत्तर प्रदेश’ के उज्ज्वल भविष्य का मजबूत आधार बनेगा। बजट राज्य के वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना पेश करेंगे।
मुख्यमंत्री ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर लिखा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ‘नया उत्तर प्रदेश’ सुशासन, समावेशी विकास और जनकल्याण की दिशा में निरंतर प्रगति कर रहा है। उन्होंने कहा कि यह बजट आत्मनिर्भर और विकसित उत्तर प्रदेश के संकल्प को नई दिशा, ऊर्जा और ठोस कार्य योजना प्रदान करेगा और एक हजार अरब डॉलर की अर्थव्यवस्था के लक्ष्य की दिशा में राज्य की प्रगति सुनिश्चित करेगा।
सीएम योगी ने कहा कि बजट गरीबों के सम्मान, युवाओं के स्वाभिमान, मातृ शक्ति और किसानों की समृद्धि को केंद्र में रखकर तैयार किया गया है। उन्होंने इसे ‘नए उत्तर प्रदेश’ के उज्ज्वल भविष्य और ‘विकसित भारत-2047’ के निर्माण का मजबूत आधार बताया।
योगी आदित्यनाथ ने यह भी कहा कि यह बजट 25 करोड़ प्रदेश वासियों की आशाओं और आकांक्षाओं का दशकीय प्रमाण है, क्योंकि उनकी सरकार लगातार 10वीं बार विधान मंडल में प्रदेश के सर्वसमावेशी विकास का बजट प्रस्तुत कर रही है।
