उज्जैन जिले के बड़नगर में स्थित प्रसिद्ध बुद्धेश्वर महादेव मंदिर में इस बार श्रद्धालुओं के लिए अद्भुत नजारा देखने को मिल रहा है। मंदिर का भव्य श्रृंगार कुल 1 करोड़ 31 लाख रुपए के नोटों से किया गया है। इस अनोखे श्रृंगार को तैयार करने में 7 कुशल कलाकारों की टीम ने अपनी कला का बेहतरीन प्रदर्शन किया। पिछले पांच वर्षों से यह परंपरा लगातार चल रही है और इस साल अब तक की सबसे बड़ी राशि का उपयोग हुआ है।
भक्त देते हैं श्रृंगार की राशि
बुद्धेश्वर महादेव मेले के अध्यक्ष संदीप पटोल ने बताया कि 5 साल पहले भगवान का श्रृंगार 51 लाख रुपए के नोटों से किया गया था। इसके बाद से हर साल श्रृंगार की राशि बढ़ती रही और इस साल 1 करोड़ 31 लाख रुपए के नोटों से भगवान का श्रृंगार किया गया।
मंदिर में नोटों की सजावट
इस सजावट में 10, 20, 50, 100, 200 और 500 रुपए के नोटों का उपयोग किया गया, जिन्हें अलग-अलग डिज़ाइन बनाकर मंदिर में लगाया गया। अमन, कपिल, दिनेश, भैरू और उनकी टीम लगभग दो दिनों से लगातार मंदिर की सजावट में जुटे हुए थे।
श्रद्धालु देखते और तारीफ करते हैं
मंदिर में नोटों की सजावट की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु दूर-दूर से भगवान बुद्धेश्वर का आशीर्वाद लेने और इस भव्य श्रृंगार को देखने मंदिर पहुंच रहे हैं। श्रद्धालु इस अनोखी सजावट की जमकर तारीफ कर रहे हैं।
3 से 4 दिन में वापस होती है राशि
श्रद्धालु मंदिर के श्रृंगार के लिए अलग-अलग राशि दान करते हैं, किसी ने 2 लाख तो किसी ने 5 लाख रुपए दिए। इन रुपये को डाटा एंट्री के माध्यम से रिकॉर्ड किया जाता है और मंदिर में उत्सव संपन्न होने के 3-4 दिन बाद यह राशि भक्तों को वापस कर दी जाती है।
इसलिए भी प्रसिद्ध है मंदिर
बुद्धेश्वर महादेव मंदिर सिर्फ नोटों के श्रृंगार के लिए ही नहीं, बल्कि भगवान की महिमा और उनके आशीर्वाद के कारण भी प्रसिद्ध है। मंदिर में प्रतिवर्ष यह अनोखी सजावट श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र बनी रहती है।
श्रद्धालु सालभर इंतजार करते हैं
क्षेत्रवासियों का कहना है कि इस श्रृंगार को देखने के लिए श्रद्धालु पूरे साल इंतजार करते हैं। श्रृंगार देखने के साथ ही भक्त भगवान बुद्धेश्वर का आशीर्वाद भी प्राप्त करते हैं।
