अमेठी। जनगणना 2027 के सफल आयोजन को लेकर जनपद में तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसी क्रम में विकासखंड गौरीगंज सभागार में तहसील गौरीगंज के सुपरवाइजरों और प्रगणकों को प्रथम चरण के तहत प्रशिक्षण दिया गया।
प्रशिक्षण के दौरान मकान सूचीकरण और गणना की प्रक्रिया को प्रोजेक्टर के माध्यम से विस्तार से समझाया गया, ताकि फील्ड में कार्य करते समय किसी प्रकार की समस्या न हो।

इस दौरान जिलाधिकारी Sanjay Chauhan ने प्रशिक्षण कार्यक्रम में पहुंचकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है, जो सरकारी योजनाओं और संसाधनों के वितरण का आधार बनता है। इसलिए इसकी शुद्धता और पारदर्शिता सुनिश्चित करना बेहद जरूरी है।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि प्रथम चरण में मकान सूचीकरण का कार्य किया जाएगा और इस दौरान कोई भी मकान छूटना नहीं चाहिए। प्रत्येक मकान का सटीक और पूर्ण विवरण दर्ज किया जाए।

उन्होंने यह भी बताया कि यह जनगणना डिजिटल माध्यमों से की जाएगी, इसलिए सभी कार्मिक तकनीकी उपकरणों के उपयोग में दक्ष बनें और समयबद्ध तरीके से कार्य पूरा करें।पहले चरण की गणना 22 मई से 20 जून 2026 तक निर्धारित की गई है, जिसके लिए सभी अधिकारी और कर्मचारी पूरी तैयारी के साथ जुटे हुए हैं।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी सचिन कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी अर्पित गुप्ता, उपजिलाधिकारी प्रीति तिवारी सहित कई अधिकारी, सुपरवाइजर और प्रगणक उपस्थित रहे।
