छत्तीसगढ़ के माओवाद प्रभावित सुकमा ज़िले में पुलिस ने एक मुठभेड़ में 10 संदिग्ध माओवादियों के मारे जाने का दावा किया है. पुलिस के अनुसार मुठभेड़ अभी भी जारी है.
पुलिस ने मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका से इनकार नहीं किया है और घटनास्थल से भारी मात्रा में हथियार भी बरामद करने की बात कही है.
बस्तर के आईजी पुलिस सुंदरराज पी ने कहा, “सुकमा ज़िले के कोंटा और किस्टाराम इलाके में माओवादियों के बारे में सूचना पर डिस्ट्रिक्ट रिज़र्व गार्ड और सीआरपीएफ़ के जवानों की संयुक्त टीम रवाना हुई थी, जहां ग्राम कोराजुगुड़ा, दंतेसपुरम, नागाराम, भंडारपदर के जंगल-पहाड़ी में माओवादियों के साथ मुठभेड़ हुई.”
पुलिस के अनुसार अभी तक सर्च ऑपरेशन में 10 संदिग्ध माओवादियों के शव बरामद हुए हैं. इसके अलावा मौके से इंसास राइफ़ल, एके-47, एसएलआर सहित कई हथियार मिले हैं.
तलाशी अभियान अभी जारी है.
छत्तीसगढ़ में इस साल जनवरी से अब तक पुलिस ने मुठभेड़ की अलग-अलग घटनाओं में 200 से भी अधिक संदिग्ध माओवादियों को मारने का दावा किया है.
