बरेली।उत्तर प्रदेश के बरेली जिले से बड़ी खबर सामने आई है। गणतंत्र दिवस के दिन इस्तीफा देकर सुर्खियों में आए बरेली सिटी मजिस्ट्रेट अलंकार अग्निहोत्री के खिलाफ योगी आदित्यनाथ सरकार ने कड़ा कदम उठाया है। सरकार ने अलंकार अग्निहोत्री को निलंबित (Suspend) कर दिया है।
अलंकार अग्निहोत्री के इस्तीफे से जुड़े पूरे मामले की जांच अब बरेली मंडलायुक्त करेंगे। जांच अवधि के दौरान उन्हें DM कार्यालय शामली से अटैच कर दिया गया है।
सरकारी आवास खाली, प्रशासन पर लगाए गंभीर आरोप
निलंबन के बाद अलंकार अग्निहोत्री ने सरकारी आवास खाली कर दिया है। उन्होंने बरेली जिला प्रशासन पर मानसिक प्रताड़ना और दबाव के गंभीर आरोप लगाए हैं। अग्निहोत्री का कहना है कि उन्हें डीएम द्वारा बातचीत के लिए बुलाया गया था, लेकिन हालात और बिगड़ते चले गए।
शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद ने की फोन पर बात
निलंबन की खबर सामने आने के बाद शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने अलंकार अग्निहोत्री से फोन पर बातचीत की। शंकराचार्य ने कहा कि
“आपके साथ जो हुआ, वह गलत है। आपने जिस पद को खोया है, धर्म क्षेत्र में उससे भी बड़ा पद आपको मिलेगा।”
उन्होंने कहा कि एक झटके में नौकरी जाना दुखद है, लेकिन सनातन धर्म के प्रति आपकी निष्ठा से पूरा सनातनी समाज आपका अभिनंदन करता है।
UGC नियमों और शंकराचार्य मामले से थे नाराज
गौरतलब है कि PCS 2019 बैच के अधिकारी अलंकार अग्निहोत्री ने सोमवार, 26 जनवरी को सेवा से इस्तीफा दे दिया था। उन्होंने विशेष रूप से विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (UGC) के नए नियमों और शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद से जुड़े मामले पर नाराजगी जताई थी।
अलंकार अग्निहोत्री ने UGC के नए नियमों को “काला कानून” करार देते हुए कहा था कि ये कॉलेजों और विश्वविद्यालयों के शैक्षणिक माहौल को खराब कर रहे हैं। इन नियमों के तहत संस्थानों में जाति आधारित भेदभाव रोकने के लिए विशेष समितियां, हेल्पलाइन और निगरानी दल बनाने के निर्देश दिए गए हैं।
नेताओं का दावा: प्रशासनिक दबाव का मामला
अलंकार अग्निहोत्री ने अपना इस्तीफा राज्यपाल और बरेली डीएम अविनाश सिंह को ईमेल के माध्यम से भेजा था। इस घटनाक्रम पर कई नेताओं ने प्रतिक्रिया दी और इसे प्रशासनिक दबाव का संकेत बताया। बरेली के महापौर डॉ. उमेश गौतम भी शाम को उनके आवास पहुंचे थे।
अपने इस्तीफे में अग्निहोत्री ने लिखा था कि जब सरकारें ऐसी नीतियां बनाती हैं जो समाज और राष्ट्र को बांटती हैं, तो उन्हें जगाना जरूरी हो जाता है।
प्रशासनिक करियर
कानपुर नगर निवासी अलंकार अग्निहोत्री इससे पहले उन्नाव, बलरामपुर और लखनऊ समेत कई जिलों में SDM के रूप में कार्य कर चुके हैं। वे प्रशासनिक हलकों में अपने स्पष्ट विचारों और सख्त कार्यशैली के लिए जाने जाते रहे हैं।
